वाराणसी में 5 सितंबर को बाबा जी की फ्री पाठशाला में शनिवार को शिक्षक दिवस समारोह हर्षोल्लास एवं गरिमापूर्ण वातावरण में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मर्यादा फाउण्डेशन की अध्यक्ष, मिसेज उ.प्र. अंशु पाण्डेय, महिला शिक्षण संस्था की पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने सहभागिता की। भारत के द्वितीय राष्ट्रपति एवं महान शिक्षाविद् डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन की जयंती के उपलक्ष्य में उनके चित्र पर फूल व माल्यार्पण करके कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। बच्चों ने कागज एवं फूलों से स्वयं तैयार किए गए सुंदर बुके तथा बधाई कार्ड भेंट कर सभी गणमान्य अतिथियों का स्वागत किया। कार्यक्रम के दौरान पाठशाला के बच्चों ने कविता-पाठ, नृत्य, गीत, भाषण एवं नाटक सहित विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। बच्चों की प्रतिभा और उत्साह ने अतिथियों को प्रभावित किया। समारोह में भारतीय महिला शिक्षण संस्था की महामंत्री श्रीमती उर्मिला मिश्रा, उपाध्यक्ष श्रीमती रजनी सिंह तथा सह कोषाध्यक्ष संगीता झा ने बच्चों को संबोधित किया और शिक्षक दिवस के महत्व पर अपने विचार व्यक्त किए। उर्मिला मिश्रा का जन्मदिन भी 5 सितंबर को ही होता है। डॉ. राधाकृष्णन एवं उर्मिला मिश्रा के जन्मदिवस के उपलक्ष्य में केक काटकर दोनों के जन्मदिन का उत्सव मनाया गया। कार्यक्रम के दौरान बच्चों को लड्डू, मिठाई, चिप्स, बिस्किट एवं टाफी तथा फ्रूट जूस वितरित किया गया, जिसे पाकर बच्चे प्रसन्न दिखाई दिए। भारतीय महिला शिक्षण संस्थान की पदाधिकारियों ने पाठशाला के संचालक राजीव टण्डन एवं संरक्षक आरती टण्डन को बुके भेंट कर एवं अंगवस्त्र पहनाकर सम्मानित किया। बच्चों द्वारा प्रस्तुत सांस्कृतिक कार्यक्रमों का संचालन रिद्धि एवं श्री ने संयुक्त रूप से किया। अतिथियों का स्वागत तथा संपूर्ण कार्यक्रम का संचालन फ्री पाठशाला के संचालक राजीव टण्डन ने किया। इस अवसर पर रेणुका, निशु मिश्रा, पिंकी सिंह तथा अन्य गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे। फ्री पाठशाला की संरक्षक, आरती टण्डन ने सभी अतिथियों, संस्था के पदाधिकारियों, बच्चों एवं सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन बच्चों में आत्मविश्वास, रचनात्मकता एवं संस्कारों के साथ-साथ उन्हें अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर प्रदान करते हैं।

