शराब की दुकान के पास युवक की पीट-पीटकर हत्या:मऊ में लाठी-डंडों से हमला; CCTV में मारपीट करते दिखे युवक, 2 नामजद समेत अज्ञात पर केस

शराब की दुकान के पास युवक की पीट-पीटकर हत्या:मऊ में लाठी-डंडों से हमला; CCTV में मारपीट करते दिखे युवक, 2 नामजद समेत अज्ञात पर केस

मऊ के दोहरीघाट थाना क्षेत्र के रामगढ़ कटिहारी गांव में देशी शराब की दुकान के पास मामूली विवाद में 37 वर्षीय रामअवतार सिंह की पीट-पीटकर हत्या का मामला सामने आया है। आरोप है कि विवाद के बाद कुछ युवकों ने लाठी-डंडों से रामअवतार पर हमला किया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद सामने आए CCTV फुटेज में कुछ युवक उनके साथ मारपीट करते दिखाई दे रहे हैं। पुलिस ने दो नामजद और कुछ अज्ञात आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया है। जन्माष्टमी की शाम शराब की दुकान पर हुआ विवाद रामगढ़ कटिहारी गांव निवासी रामअवतार सिंह, रामकुंवर सिंह के बेटे थे। परिजनों के मुताबिक, श्रीकृष्ण जन्माष्टमी की शाम करीब 8:30 बजे वह कटिहारी स्थित देशी शराब की दुकान पर गए थे। वहां कुछ युवकों से किसी मामूली बात को लेकर उनकी बहस हो गई। देखते ही देखते विवाद बढ़ा और दोनों पक्षों में मारपीट शुरू हो गई। आरोप है कि दुकान के पास मौजूद युवकों ने रामअवतार को लाठी-डंडों से बुरी तरह पीटा। हमले में वह गंभीर रूप से घायल हो गए। परिजनों का कहना है कि मारपीट में लगी चोटों के बाद उनकी हालत बिगड़ती गई और बाद में उनकी मौत हो गई। CCTV में मारपीट करते दिखे युवक घटना के बाद सामने आए CCTV फुटेज में कुछ युवक रामअवतार के साथ मारपीट करते नजर आ रहे हैं। पुलिस ने फुटेज को जांच में शामिल किया है। इसके अलावा कुछ चश्मदीदों के बयान भी पुलिस को मिले हैं। इन्हीं साक्ष्यों के आधार पर पुलिस घटना के पूरे क्रम की जांच कर रही है। डायल-112 पर मिली मौत की सूचना घोसी के सीओ सत्येंद्र भूषण तिवारी के मुताबिक, 5 सितंबर की सुबह करीब 8 बजे रामगढ़ निवासी विजय सिंह ने डायल-112 पर अपने भाई की मौत की सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लिया। शव का पंचनामा भरकर डॉक्टरों के पैनल से वीडियोग्राफी के साथ पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट से मौत की वजह और चोटों की स्थिति स्पष्ट होगी। दो नामजद और अज्ञात पर केस, गिरफ्तारी के लिए दबिश परिजनों की शिकायत के आधार पर दोहरीघाट थाने में दो नामजद और कुछ अज्ञात लोगों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि रामअवतार घर से निकलने के बाद कुछ लोगों के विवाद में फंस गए थे और मारपीट में लगी चोटों के कारण उनकी मौत हुई। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दो टीमें गठित की गई हैं। पुलिस CCTV फुटेज और चश्मदीदों से मिले साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान और घटना में उनकी भूमिका की जांच कर रही है। सीओ ने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है और जल्द गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाएगी।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *