पलवल में एंटी नारकोटिक्स सेल दीघोट की टीम ने लाखों रुपए कीमत की स्मैक के साथ एक नशा तस्कर को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से 53 ग्राम स्मैक बरामद की गई है। पुलिस ने उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। एंटी नारकोटिक्स सेल के सब इंस्पेक्टर आलोक को सूचना मिली थी कि गुराकसर गांव निवासी तसलीम लंबे समय से स्मैक बेचने का अवैध धंधा कर रहा है। सूचना में बताया गया कि तसलीम कोट गांव के पास अपनी बाइक पर स्मैक बेचने के लिए खड़ा है। भागने की कोशिश, पुलिस ने पकड़ा सब इंस्पेक्टर आलोक ने अपनी टीम के साथ मौके पर दबिश दी। वहां एक युवक बाइक के साथ खड़ा मिला। पुलिस को देखकर उसने भागने की कोशिश की, लेकिन टीम ने उसे पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम तसलीम, निवासी गुराकसर गांव बताया। पुलिस टीम ने आरोपी तसलीम को हिरासत में लेकर तलाशी ली। उसकी लोअर की जेब से एक पॉलीथिन में लिपटी हुई 53 ग्राम स्मैक बरामद हुई। एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज एंटी नारकोटिक्स सेल की टीम ने आरोपी तसलीम के खिलाफ बहीन थाने में एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज कराया है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है कि वह यह नशीला पदार्थ कहां से और किससे लेकर आता है, तथा इसे किसे बेचता है।

