पलवल जिले के भुलवाना गांव के पास एक तेज रफ्तार बाइक की टक्कर से एक बुजुर्ग महिला की मौत हो गई। इस हाजसे में उनकी पोती भी घायल हो गई, जिसका पैर टूट गया। पुलिस ने अज्ञात बाइक सवार के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। यह घटना उस समय हुई जब भुलवाना गांव निवासी शीला देवी अपनी पोती कनक के साथ कोसीकलां (यूपी) से दवाई लेकर ऑटो से घर लौट रही थीं। भुलवाना गांव की पुलिया के पास ऑटो से उतरने के बाद वे पैदल चल रही थीं, तभी पीछे से आ रही एक तेज रफ्तार बाइक ने उन्हें टक्कर मार दी। हायर सेंटर ले जाते समय तोड़ा दम हादसे में शीला देवी गंभीर रूप से घायल हो गईं और कनक का पैर टूट गया। सूचना मिलने पर डायल 112 और एंबुलेंस मौके पर पहुंची। दोनों घायलों को होडल के सरकारी अस्पताल ले जाया गया। डॉक्टरों ने शीला देवी की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया, लेकिन हायर सेंटर ले जाते समय रास्ते में ही उन्होंने दम तोड़ दिया। आरोपी की तलाश कर रही पुलिस मृतका के बेटे मुंशी उर्फ मोहन की शिकायत पर होडल थाना पुलिस ने अज्ञात बाइक सवार के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। आरोपी बाइक सवार घटना के बाद मौके से फरार हो गया था। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है और आरोपी की बाइक समेत तलाश कर रही है।

