लखनऊ के अलीगंज निवासी एक महिला ने अपनी 35 वर्षीय बेटी के पांच महीने से लापता होने पर पुलिस से कार्रवाई की मांग की है। मां ने बेटी के पति पर उसे गायब करने का शक जताते हुए किसी अनहोनी की आशंका जताई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। महिला के मुताबिक, उनकी बेटी रुचि यादव 10 अप्रैल 2026 की दोपहर से लापता है। परिजनों और परिचितों के स्तर पर काफी तलाश की गई, लेकिन पांच महीने बीतने के बाद भी उसका कोई सुराग नहीं लग सका। रुचि का मोबाइल फोन भी लगातार बंद जा रहा है। मां ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि रुचि की शादी लखीमपुर खीरी निवासी ज्ञानेन्द्र सिंह यादव से हुई थी। दोनों के बीच दहेज से जुड़ा मामला न्यायालय में विचाराधीन है। मां का आरोप है कि इसी विवाद के कारण उन्हें शक है कि ज्ञानेन्द्र ने उनकी बेटी को कहीं गायब कर दिया है या उसके साथ कोई अनहोनी हो गई है। महिला ने पुलिस को बेटी और उसके पति के मोबाइल नंबर भी उपलब्ध कराए हैं। उन्होंने रुचि की गुमशुदगी दर्ज कर उसकी तलाश कराने के साथ ही पति के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की मांग की है। शिकायत 7 सितंबर को दी गई थी। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

