पांडु नहर में मिली कार, 2 युवकों के शव बरामद:परिजनों में मचा कोहराम, कानपुर में सोमवार देर रात घर से निकले थे

पांडु नहर में मिली कार, 2 युवकों के शव बरामद:परिजनों में मचा कोहराम, कानपुर में सोमवार देर रात घर से निकले थे

कानपुर के सचेंडी क्षेत्र में सोमवार रात कार से निकले दो युवकों की तलाश मंगलवार देर रात पांडू नहर में खत्म हुई। बछउपुर गांव के पास पुल में टाटा पंच कार मिलने के बाद पुलिस और गोताखोरों ने नहर में सर्च ऑपरेशन चलाया। कार से करीब 200 मीटर दूर दोनों युवकों के शव बरामद हुए। शव मिलने की खबर से दोनों परिवारों में कोहराम मच गया। मृतकों की पहचान सुरार गांव निवासी दीपक पाण्डेय (30) और ठठिया, रूरा निवासी अंकित कमल (28) के रूप में हुई है। दोनों सोमवार रात कार से घर से निकले थे और देर रात तक वापस नहीं लौटे। मोबाइल बंद मिलने के बाद परिजनों ने मंगलवार दोपहर सचेंडी थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई थी। पुलिस हादसे के साथ घटना के अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है। घर से निकले, लेकिन नहीं बताया कहां जा रहे हैं दीपक पाण्डेय निजी कंपनी में काम करते थे। परिवार में पिता राकेश पाण्डेय, पत्नी सृष्टि और एक साल की बेटी प्रियांशी है। परिजनों के मुताबिक, सोमवार रात दीपक अपने दोस्त अंकित कमल के साथ टाटा पंच कार से घर से निकले थे। दोनों ने परिजनों को यह नहीं बताया था कि वे किस काम से और कहां जा रहे हैं। देर रात तक दोनों वापस नहीं आए तो परिवार के लोगों ने मोबाइल पर संपर्क करने की कोशिश की। दोनों के फोन बंद मिले। रिश्तेदारों और परिचितों के यहां भी तलाश की गई, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली। थाने में गुमशुदगी दर्ज, कई टीमें तलाश में लगीं मंगलवार दोपहर अनहोनी की आशंका में दोनों के परिजन सचेंडी थाने पहुंचे। पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर युवकों की तलाश के लिए कई टीमें लगाईं। इसी दौरान पुलिस को बछउपुर गांव के पास पांडू नहर के पुल में कार गिरने की सूचना मिली। मौके पर पहुंची पुलिस ने कार को नहर से बाहर निकलवाया। कार टाटा पंच निकली, लेकिन उसमें दोनों युवक नहीं मिले। कार मिलने के बाद नहर किनारे जुटे परिजन कार मिलने के बावजूद दोनों युवकों का पता नहीं चलने पर परिजनों की चिंता बढ़ गई। बड़ी संख्या में ग्रामीण और परिवार के लोग नहर किनारे पहुंच गए। काफी देर तक कोई सुराग नहीं मिलने पर परिजनों ने वहां हंगामा शुरू कर दिया। सूचना पर एसीपी पनकी अमित चौरसिया, सचेंडी थाना प्रभारी दीनानाथ मिश्रा और एसडीएम सदर मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने परिजनों को समझाकर शांत कराया और गोताखोरों की मदद से नहर में तलाश तेज कराई। कार से 200 मीटर दूर मिले दोनों शव देर रात गोताखोरों ने नहर में सघन तलाश शुरू की। काफी मशक्कत के बाद कार से करीब 200 मीटर दूर दोनों युवकों के शव बरामद किए गए। शव बाहर आते ही मौके पर मौजूद परिजनों में चीख-पुकार मच गई। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि कार नहर में किन परिस्थितियों में गिरी और दोनों युवक कार से इतनी दूर कैसे पहुंचे। बेटे का शव देखकर पिता बोले- हमारे सारे सपने भी चूर हो गए दीपक का शव मिलने के बाद उसके पिता राकेश पाण्डेय का रो-रोकर बुरा हाल था। उन्होंने बताया कि दीपक सोमवार रात किसी काम से जाने की बात कहकर घर से निकला था। पत्नी सृष्टि ने कई बार फोन किया, लेकिन संपर्क नहीं हो सका। राकेश के मुताबिक, परिवार रातभर दीपक के लौटने का इंतजार करता रहा। मंगलवार को थाने में गुमशुदगी दर्ज कराने के बाद भी उन्हें उम्मीद थी कि बेटा सकुशल लौट आएगा। देर रात उसके शव मिलने की सूचना ने परिवार को पूरी तरह तोड़ दिया। उन्होंने कहा, “बेटे के साथ हमारे सारे सपने भी चूर हो गए।” दीपक की एक साल की बेटी प्रियांशी को देखकर परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था। CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस सचेंडी इंस्पेक्टर दीनानाथ मिश्रा ने बताया कि दोनों युवकों के शव नहर से बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए गए हैं। घटनास्थल के आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि दोनों युवक किस रास्ते से नहर तक पहुंचे और कार किन परिस्थितियों में नहर में गिरी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और परिजनों की तहरीर के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *