ईश्वरीय स्वप्नाशीष सेवा समिति की महिला सदस्यों ने मंगलवार को गोमती नगर स्थित फन मॉल में आध्यात्मिक फिल्म ‘हनुमान अंश’ देखी। समिति की अध्यक्ष सपना गोयल के नेतृत्व में शो में बड़ी संख्या में सनातनी महिलाएं शामिल हुईं। फिल्म के जरिए दिए गए आध्यात्मिक संदेश को महिलाओं ने सराहा। कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि विधान परिषद सदस्य एमएलसी पवन सिंह चौहान मौजूद रहे। उन्होंने समिति की इस पहल की सराहना करते हुए इसे सनातन संस्कृति को बढ़ावा देने वाला प्रयास बताया। सुंदरकांड का गुटका और लड्डू बांटे गए फिल्म देखने के बाद महिलाओं ने इसे अध्यात्म, भक्ति और सकारात्मक सोच से जुड़ी फिल्म बताया। स्क्रीनिंग के दौरान दर्शकों को प्रसाद के तौर पर सुंदरकांड का गुटका और लड्डू बांटे गए। समिति की सपना गोयल ने बताया कि इस फिल्म को डॉ. विशाल चतुर्वेदी ने लिखा, निर्देशित और बनाया है। वे बाबा नीम करौली के भक्त हैं। यह फिल्म उनकी किताब ‘डिवाइन डिटूर: दैट चेंज्ड माई लाइफ’ पर आधारित तीन फिल्मों की सीरीज का पहला हिस्सा है। इसमें नैनीताल के कैंची धाम की कहानी दिखाई गई है। आध्यात्मिक फिल्मों को बढ़ावा देना समाज की जिम्मेदारी सपना गोयल ने कहा कि सकारात्मक और आध्यात्मिक फिल्मों को बढ़ावा देना सनातन समाज की जिम्मेदारी है। समिति का उद्देश्य संतों और ऋषियों की भूमि भारत की आध्यात्मिक पहचान को दुनिया तक पहुंचाना है। ईश्वरीय स्वप्नाशीष सेवा समिति रोज सुंदरकांड का पाठ करवाती है। इसके साथ ही मंगलवार और शनिवार को मंदिरों में सामूहिक सुंदरकांड का आयोजन भी किया जा रहा है। समिति के मुताबिक, यह अभियान उत्तर प्रदेश के 42 जिलों और देश के 10 राज्यों तक पहुंच गया है।

