लखनऊ के मोहिबुल्लापुर स्थित मारुति नंदन श्री कृष्ण लीला मैदान ट्रस्ट की ओर से श्री कृष्ण जन्मोत्सव के आठवें दिवस गुरुवार को भगवान खाटू श्याम के भजन-कीर्तन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में श्रद्धालुओं ने भजनों पर जयकारे लगाए और भक्ति में डूबे नजर आए। कार्यक्रम में क्षेत्र के स्थानीय बाल कलाकारों ने भी प्रतिभाग किया। आशी शर्मा, अंजलि शर्मा, माही गुप्ता, अन्विका शर्मा और अद्विक समेत अन्य कलाकारों ने प्रस्तुतियां दीं। बाल कलाकारों की प्रस्तुतियों को श्रद्धालुओं ने सराहा। युवाओं को अपनी परंपरा से जुड़ने का अवसर कार्यक्रम में मुख्य अतिथि विधायक डॉ. नीरज बोरा शामिल हुए । उन्होंने कहा कि धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजनों से बच्चों और युवाओं को अपनी परंपरा और संस्कृति से जुड़ने का अवसर मिलता है। ऐसे आयोजनों से समाज में भक्ति, संस्कार और एकजुटता का भाव मजबूत होता है। ट्रस्ट के संरक्षक प्रदीप शुक्ल टिंकू ने कहा कि श्री कृष्ण जन्मोत्सव के माध्यम से क्षेत्र में धार्मिक और सांस्कृतिक वातावरण बनाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने आयोजन में सहयोग करने वाले सभी लोगों और श्रद्धालुओं का आभार जताया। ट्रस्ट के अध्यक्ष ओम प्रकाश लोधी ने कहा कि जन्मोत्सव के दौरान लगातार धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसका उद्देश्य लोगों को भगवान श्री कृष्ण की भक्ति और भारतीय संस्कृति से जोड़ना है। क्षेत्र के लोगों का लगातार सहयोग मिल रहा उपाध्यक्ष अजीत सिंह ने कहा कि कार्यक्रमों में क्षेत्र के लोगों का लगातार सहयोग मिल रहा है। स्थानीय बाल कलाकारों को मंच देकर उनकी प्रतिभा को आगे बढ़ाने का भी प्रयास किया जा रहा है। कार्यक्रम में कोषाध्यक्ष राजेश शर्मा, संगठन प्रचार मंत्री विपिन गुप्ता, व्यवस्थापक दयाराम रावत, आशीष पाण्डे, राजेंद्र लोधी, अमन मिश्र के साथ बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए।

