लखनऊ-बाराबंकी रेल मार्ग पर ट्रैक्टर-ट्रॉली फंसा:भरवारा क्रॉसिंग पर एक घंटे रुका संचालन, कई ट्रेनें हुईं लेट

लखनऊ-बाराबंकी रेल मार्ग पर ट्रैक्टर-ट्रॉली फंसा:भरवारा क्रॉसिंग पर एक घंटे रुका संचालन, कई ट्रेनें हुईं लेट

लखनऊ-बाराबंकी रेल मार्ग पर शनिवार सुबह करीब एक घंटे तक ट्रेनों का संचालन प्रभावित रहा। भरवारा रेलवे क्रॉसिंग संख्या 186 पर रेलवे ट्रैक के पास चल रहे मेंटेनेंस कार्य के दौरान सीमेंट की बोरियों से लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली फंस गई। इसके चलते आधा दर्जन से ज्यादा ट्रेनों की आवाजाही पर असर पड़ा। कई ट्रेनें एक घंटे से अधिक देरी से चलीं। क्रॉसिंग बंद होने से सड़क पर भी लंबा जाम लग गया। सुबह 6 बजे तक पूरा होना था काम, ट्रैक्टर-ट्रॉली फंसने से बिगड़ी स्थिति जानकारी के मुताबिक, भरवारा क्रॉसिंग पर रेलवे ट्रैक के पास सड़क की खुदाई और मेंटेनेंस का काम चल रहा था। स्थानीय लोगों का कहना है कि यह काम सुबह 6 बजे तक पूरा किया जाना था, लेकिन निर्धारित समय तक काम पूरा नहीं हो सका। इसके बाद सुबह करीब 6:30 बजे जब ट्रैक्टर-ट्रॉली को क्रॉसिंग से निकाला जा रहा था, तभी वह ट्रैक के बीच फंस गई।
ट्रॉली में सीमेंट की बोरियां रखी होने के कारण उसका वजन अधिक था। ट्रैक्टर-ट्रॉली के फंसते ही रेलवे ट्रैक पर संचालन रोकना पड़ा। कई ट्रेनों को क्रॉसिंग से पहले ही रोक दिया गया, जबकि कुछ ट्रेनों के सिग्नल भी पास नहीं हो सके। ट्रेनें रुकीं तो क्रॉसिंग पर लगा जाम, स्कूली बच्चे भी फंसे ट्रेनों की आवाजाही प्रभावित होने के साथ भरवारा क्रॉसिंग भी बंद रही। दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतार लग गई। जाम में स्कूली बच्चों के साथ राहगीर भी फंसे रहे। स्थिति संभालने के लिए रेलवे पुलिस और लखनऊ पुलिस के जवान मौके पर पहुंचे। रेलवे की ओर से ट्रैक्टर-ट्रॉली हटाने के लिए जेसीबी मंगाई गई। करीब 7:30 बजे ट्रैक से ट्रॉली हटने के बाद रेल संचालन बहाल हो सका।
मामले में मेंटेनेंस कार्य की टाइमिंग और मौके पर मौजूद रेलवे कर्मचारियों की भूमिका को लेकर सवाल उठ रहे हैं। जूनियर इंजीनियर आरके मीणा से इस संबंध में सवाल किया गया, लेकिन उन्होंने कोई जवाब नहीं दिया।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *