रेवाड़ी के जाटूसाना में रविवार- सोमवार रात को एक अनियंत्रित ट्रॉला दुकान में घुस गया। ट्रॉला की टक्कर से 11केवी लाइन का बिजली का खंभा भी उसके उपर टूटकर गिर गया। घटना के समय ट्रॉले में ड्राइवर के साथ 4 श्रमिक भी थे, जो बाल-बाल बच गए। इस प्रकार की एक सप्ताह में यह दूसरी घटना है। जिससे लोगों को ऐसे हादसों का खौफ सताने लगा है। सूचना के बाद जाटूसाना थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। सर्विस रोड पर हादसा जानकारी के अनुसार रात को ट्रॉला जाटूसाना से बरेली की तरफ जा रहा था। इसी दौरान सर्विस रोड पर अचानक अनियंत्रित होकर सड़क के पास बनी एक खाली दुकान में जा घुसा। जिससे दुकान के पास से गुजर रही 11 हजार केवी की बिजली लाइन का खंभा टूटकर ट्रॉले के उपर आकर गिर गया। हालांकि इससे एक बड़ा हादसा होने से बच गया। गुरावड़ा के घर में घुसा था पिछले सप्ताह रेवाड़ी- रोहतक रोड पर रात को एक अनियंत्रित ट्रॉला गुरावड़ा में दीवार तोड़कर एक घर में घुस गया था। रात को उस समय मकान में दो परिवार सो रहे थे। घर में घुसने से पहले ट्रॉले ने मकान के पास खड़ी किराएदारे की कार को टक्कर मारी थी। हालांकि इस हादसे में भी किसी प्रकार का जानी नुकसान नहीं हुआ था।


