रेवाड़ी के गांव बूढ़पुर में एक एनआरआई युवक और उनके माता-पिता के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। सदर थाना पुलिस ने केस दर्ज कर गांव निवासी बबरूभान, मीनाक्षी, विनोद, गजेन्द्र यादव व संगीता के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वहीं पीड़ित पुलिस की कार्रवाई से संतुष्ट नहीं है। उनका कहना है कि जल्द इस मामले को लेकर एसपी से मुलाकात करेंगे। पुलिस को दी शिकायत में गांव बूढपुर निवासी रमेश ने बताया कि 31 अक्टूबर को सुबह करीब 9 बजे रमेश कुमार की गजेन्द्र यादव के साथ रास्ते को लेकर बहस हुई थी। उस समय रमेश की पत्नी बीना भी उसके साथ थी। शिकायत में रमेश ने बताया कि इसी दौरान बबरूभान, उसकी पत्नी मीनाक्षी, विनोद, गजेन्द्र और उसकी पत्नी संगीता ने उनके साथ मारपीट शुरू कर दी। आरोप है कि विनोद ने रमेश को मुक्के मारे, जबकि बबरूभान ने पत्थर और सरिये से हमला किया। बीच-बचाव करने पहुंचे बेटे वरुण के सिर पर भी पत्थर मारा गया। वहीं मीनाक्षी ने बीना को धक्का देकर गिरा दिया और बबरूभान ने रमेश के सीने पर लात मारी। पुत्रवधू से अभद्रता का भी लगाया आरोप रमेश ने शिकायत में अपनी पुत्रवधू के साथ अभद्र व्यवहार करने का आरोप भी लगाया है। उसका कहना है कि अनुराधा घटना का वीडियो बना रही थी, तभी मीनाक्षी ने उसे धक्का दिया। बबरूभान के बेटे यश पर भी अश्लील व्यवहार करने का आरोप लगाया गया है। शिकायत में गजेन्द्र और संगीता पर परिवार को जान से मारने की धमकी देने की बात भी कही गई है। तीन घायलों की मेडिकल रिपोर्ट में आठ चोटें दर्ज पुलिस ने घायलों की मेडिकल रिपोर्ट हासिल की है। इसमें रमेश के शरीर पर चार, वरुण के शरीर पर एक और बीना के शरीर पर तीन चोटें दर्ज हैं। पीड़ित परिवार का कहना है कि मारपीट के बाद बीना को चलने-फिरने में भी परेशानी हो रही है। परिवार ने पुलिस को घटना का वीडियो भी उपलब्ध कराया है। उनका दावा है कि वीडियो में आरोपी पक्ष के लोग पत्थर और लाठियों से हमला करते दिखाई दे रहे हैं। पुलिस पर लगाए आरोपियों को बचाने के आरोप पीड़ित परिवार का कहना है कि पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ सामान्य धाराओं के तहत केस दर्ज किया है। आरोपी पक्ष के साथ उनका रास्ते को लेकर कोई विवाद नहीं था। घटना के समय परिवार की किसी अन्य व्यक्ति से नाली को लेकर बहस हो रही थी। इसी दौरान पुरानी रंजिश के चलते आरोपी पक्ष ने पत्थर और लाठियों से हमला किया। परिवार ने पुलिस पर आरोपी पक्ष को बचाने का प्रयास करने का आरोप लगाते हुए कहा कि मारपीट की गंभीरता के बावजूद सामान्य धाराओं में केस दर्ज किया गया है। परिवार ने पुलिस को दिए वीडियो के आधार पर निष्पक्ष जांच और उचित कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि आरोपी के खिलाफ पहले भी केस दर्ज है। उनके परिवार के साथ पहले भी मारपीट की जा चुकी है। लेकिन पुलिस द्वारा आरोपियों के खिलाफ पहले भी केस दर्ज है। घटना के बाद उनके परिवार के सदस्यों को लगातार परेशान किया जा रहा है। लेकिन पुलिस कोई कार्रवाई नही कर रही है। पुलिस ने विभिन्न धाराओं के तहत दर्ज किया केस पुलिस ने जांच और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर पांच लोगों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 115, 126, 351(3), 190 और 192(2) के तहत केस दर्ज किया है। एक्स-रे रिपोर्ट अभी प्राप्त नहीं हुई है। पुलिस के अनुसार, रिपोर्ट मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

