रेवाड़ी में आज 91 हजार लोग लगाएंगे दौड़:नशामुक्ति मैराथन का CM नायब सैनी करेंगे आगाज; मौसम और राव इंद्रजीत पर नजर

रेवाड़ी में आज 91 हजार लोग लगाएंगे दौड़:नशामुक्ति मैराथन का CM नायब सैनी करेंगे आगाज; मौसम और राव इंद्रजीत पर नजर

नशे के खिलाफ जागरूकता का संदेश देने के लिए आज रविवार को रेवाड़ी में बड़ी मैराथन आयोजित होगी। मैराथन में 91 हजार से अधिक प्रतिभागियों ने पंजीकरण कराया है। इनमें 52,745 पुरुष और 39,093 महिलाएं शामिल हैं। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी सुबह राव तुलाराम स्टेडियम से मैराथन को हरी झंडी दिखाएंगे। मुख्यमंत्री के आगमन को देखते हुए आयोजन स्थल और मैराथन रूट को सजाया जा रहा है। शनिवार शाम हरियाणा आउटरीच कार्यक्रम के विशेष अधिकारी पंकज नैन ने डीसी अभिषेक मीणा और एसपी हेमेंद्र मीणा के साथ आयोजन स्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने तैयारियों का जायजा लेते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी पुलिस ने व्यापक इंतजाम किए हैं। 5 और 10 किलोमीटर की होगी मैराथन मैराथन दो श्रेणियों में आयोजित होगी। इसमें 5 किलोमीटर और 10 किलोमीटर की दौड़ शामिल है। 10 किलोमीटर की दौड़ में खिलाड़ी और खेलों में रुचि रखने वाले प्रतिभागी हिस्सा ले सकेंगे। कार्यक्रम सुबह 5 बजे शुरू होगा, जबकि मैराथन को सुबह 6 बजे हरी झंडी दिखाई जाएगी। आयोजन को लेकर प्रतिभागियों के लिए किट वितरण भी किया गया। अलग-अलग क्षेत्रों से प्रतिभागियों को आयोजन स्थल तक पहुंचाने के लिए वाहनों की व्यवस्था की गई है। इन वाहनों के लिए पास जारी किए गए हैं और कर्मचारियों की विशेष ड्यूटी लगाई गई है। राव इंद्रजीत और मौसम पर भी निगाह मैराथन के बीच केंद्रीय राज्यमंत्री राव इंद्रजीत सिंह की मौजूदगी को लेकर भी चर्चा है। बावल में 30 मई और 23 अगस्त को मुख्यमंत्री के कार्यक्रम हुए थे। राव इंद्रजीत सिंह और उनके समर्थक दोनों कार्यक्रमों से दूरी बनाए रहे थे। हालांकि 23 अगस्त के कार्यक्रम में क्षेत्र के तीनों विधायक शामिल हुए थे। ऐसे में रविवार के आयोजन में राव इंद्रजीत सिंह और उनके समर्थकों की मौजूदगी पर भी सभी की नजर रहेगी। वहीं, शुक्रवार से शुरू हुई रुक-रुककर बारिश शनिवार को भी जारी रही। शनिवार को लगभग पूरे दिन बूंदाबांदी होती रही। मौसम विभाग ने रविवार को भी बारिश और बूंदाबांदी की संभावना जताई है। ऐसे में आयोजन के दौरान मौसम भी बड़ी चुनौती हो सकता है। ये रहेगा मैराथन का रूट रविवार सुबह 6 बजे राव तुलाराम स्टेडियम से मैराथन शुरू होगी। प्रतिभागी राव अभय सिंह चौक, पंडित भगवत दयाल चौक, पोसवाल चौक और राजेश पायलट चौक होते हुए गढ़ी बोलनी रोड स्थित बीएमजी एलिगेंट सिटी तक जाएंगे। यहां से यू-टर्न लेकर वापस लौटेंगे। इन रास्तों पर रहेगा ट्रैफिक प्रतिबंधित मैराथन के चलते रविवार को सुबह 6 बजे से दोपहर 12 बजे तक आउटर सर्कुलर रोड पर राव अभय सिंह चौक से पंडित भगवत दयाल चौक, पोसवाल चौक और राजेश पायलट चौक होते हुए बीएमजी एलिगेंट सिटी तक वाहनों का आवागमन बंद रहेगा। इसी तरह धारूहेड़ा-गुरुग्राम-दिल्ली रोड पर एनएच-52 फ्लाईओवर के नीचे से अभय सिंह चौक तक भी निर्धारित समय में वाहनों की आवाजाही बंद रहेगी। पुलिस ने वाहन चालकों से प्रतिबंधित मार्गों के बजाय वैकल्पिक रास्तों का इस्तेमाल करने की अपील की है। नारनौल-गुरुग्राम जाने वाले ये रूट अपनाएं नारनौल और महेंद्रगढ़ से गुरुग्राम, दिल्ली व जयपुर जाने वाले वाहन हरि नगर फ्लाईओवर के ऊपर से रेवाड़ी बाइपास, गोकलगढ़ और प्रजापति चौक होते हुए एनएच-352 पकड़ सकते हैं। नारनौल रोड से आने-जाने वाले वाहन एनएच-11 का भी इस्तेमाल कर सकते हैं। गुरुग्राम और दिल्ली से नारनौल-महेंद्रगढ़ जाने वाले वाहन पुलिस लाइन के पास एनएच-352 से एनएच-11 का रास्ता अपना सकते हैं। शहर में प्रवेश के लिए वैकल्पिक रास्ते रेवाड़ी शहर में आने वाले वाहन रेवाड़ी-धारूहेड़ा रोड से एनएच-352 होते हुए मीरपुर रोड फ्लाईओवर के नीचे से प्रजापति चौक, गोकलगढ़ और रेवाड़ी बाइपास का इस्तेमाल कर सकते हैं। इसके अलावा एनएच-11 से बावल रोड पर उतरकर आईओसी चौक के रास्ते शहर में प्रवेश किया जा सकता है। रोडवेज और निजी बसों के लिए भी रूट तय पटौदी, झज्जर, गुरुग्राम और दिल्ली जाने वाली रोडवेज व निजी बसें रेवाड़ी सर्कुलर रोड से झज्जर चौक होते हुए चलेंगी। जयपुर और दिल्ली की ओर जाने वाली बसें बावल रोड और एनएच-11 के रास्ते संचालित होंगी। पार्किंग के लिए नए बस स्टैंड के पास और दिल्ली रोड स्थित बालाजी मार्केट के पास खाली जमीन निर्धारित की गई है। नवीन पुनिया और सत्यन लांबा देंगे प्रस्तुति मैराथन में हरियाणवी गायक नवीन पुनिया और सत्यन लांबा प्रस्तुति देंगे। लोक संगीत और सांस्कृतिक कार्यक्रमों से आयोजन को उत्सव का रूप दिया जाएगा। मैराथन की मुख्य थीम ‘नशामुक्त हरियाणा’ रखी गई है। आयोजन स्थल पर नशे के दुष्प्रभाव और स्वस्थ जीवन के प्रति जागरूक करने के लिए प्रदर्शनी लगाई जाएगी। वहीं सैंड आर्ट के जरिए भी नशामुक्ति का संदेश दिया जाएगा।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *