लखीमपुर-खीरी में मंगलवार को आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं के लिए बड़ी सौगात की घोषणा हुई। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अयोध्या में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का मानदेय बढ़ाने का ऐलान किया। अब कार्यकर्ताओं को 12 हजार रुपए और सहायिकाओं को 6 हजार रुपए प्रतिमाह मानदेय मिलेगा। कलेक्ट्रेट में देखा गया CM का लाइव कार्यक्रम मुख्यमंत्री के कार्यक्रम का लखीमपुर खीरी कलेक्ट्रेट स्थित अटल सभागार में सीधा प्रसारण किया गया। बड़ी संख्या में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं ने कार्यक्रम में शामिल होकर मुख्यमंत्री का संबोधन सुना। जिले के कार्यक्रम का उद्घाटन विधायक योगेश वर्मा, भाजपा जिलाध्यक्ष अरविंद गुप्ता, राज्य महिला आयोग की सदस्य सुजीता कुमारी, डीएम अंजनी कुमार सिंह और सीडीओ अभिषेक कुमार ने संयुक्त रूप से किया। विधायक योगेश वर्मा ने कहा कि सरकार की योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना जरूरी है। आंगनबाड़ी कार्यकर्ता कुपोषण खत्म करने के साथ मां और बच्चों के स्वास्थ्य से जुड़ी योजनाओं को जरूरतमंदों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं।
‘महिलाओं को मजबूत करने की दिशा में कदम’ भाजपा जिलाध्यक्ष अरविंद गुप्ता ने मानदेय बढ़ाए जाने को महिलाओं को सशक्त बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया। राज्य महिला आयोग की सदस्य सुजीता कुमारी ने कहा कि सरकार ने आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की लंबे समय से चली आ रही मांग को पूरा किया है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से सरकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने की अपील की। मेधावी छात्राओं को मिले 5-5 हजार के चेक कार्यक्रम में मेधावी छात्राओं को 5-5 हजार रुपए के चेक भी वितरित किए गए। हाईस्कूल की हृदयांशी सक्सेना, अनुराधा मिश्रा, समीक्षा भारती और दीपिका सिंह को चेक दिए गए। वहीं, इंटरमीडिएट की तेजस्वी नारायण शर्मा, आर्या त्रिपाठी, उम्मे हानी और लक्ष्मी कश्यप को भी सम्मानित किया गया। पीएम मातृ वंदना योजना के लाभार्थियों को स्वीकृति पत्र कार्यक्रम में प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के पांच लाभार्थियों को स्वीकृति पत्र दिए गए। इसके अलावा चार आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को आयुष्मान गोल्डन कार्ड वितरित किए गए। उत्कृष्ट कार्य करने वालों का सम्मान विभागीय कार्यों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। इनमें उमा अवस्थी, शबनम परवीन, सपना वर्मा, शैलेंद्र कुमारी और क्षमा रानी पांडे शामिल रहीं। वहीं, उत्कृष्ट कार्य करने वाली सहायिकाओं पुष्पा देवी, सुनीता देवी, राजकुमारी, गीता और सरोज कुमारी को भी प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।

