बंगाल की खाड़ी से उठे चक्रवात ‘अर्नब’ के असर से रायसेन में बुधवार से मौसम का मिजाज बदल गया है। आसमान में बादल छाए रहने के साथ ठंडी हवा चल रही हैं। धूप का असर भी कमजोर रहा। गुरुवार सुबह भी सूर्य के दर्शन नहीं हुए और बादलों के साथ चल रही हवाओं से मौसम में ठंडक महसूस की गई। पिछले पांच दिनों में दिन और रात, दोनों के तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। 24 अक्टूबर को शहर का अधिकतम तापमान 34 डिग्री और न्यूनतम तापमान 16.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। वहीं, 28 अक्टूबर को अधिकतम तापमान गिरकर 32.4 डिग्री और न्यूनतम तापमान 14.5 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। इस तरह पांच दिनों में दिन के तापमान में 1.6 डिग्री और रात के तापमान में 2 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आई है। रात के तापमान में कमी के चलते सुबह और शाम के समय ठंडक बढ़ने लगी है। 1 नवंबर तक बदलता रहेगा मौसम
चक्रवात ‘अर्नब’ के असर से आगामी दिनों में भी मौसम में उतार-चढ़ाव बना रहने की संभावना है। इसके चलते आसमान में बादल छाने, धूप कमजोर रहने और हवाएं चलने जैसी स्थिति देखने को मिल सकती है। मौसम का यह असर 1 नवंबर तक रहने की संभावना जताई गई है।

