बंगाल की खाड़ी में उठे चक्रवाती तूफान ‘अर्नब’ का असर दूसरे दिन भी सागर में बना हुआ है। गुरुवार सुबह से आसमान में बादल छाए हैं। हवाएं चल रही हैं। हवाएं चलने से वातावरण में ठंडक घुली। सुबह करीब 10.30 बजे शहर में बूंदाबांदी हुई। वहीं ग्रामीण इलाकों में बारिश हुई है। रहली क्षेत्र में सुबह से हल्की बारिश दर्ज की गई। बेमौसम हुई बारिश से दिन और रात के तापमान में गिरावट आई है। इस समय सागर का अधिकतम तापमान 32 डिग्री और न्यूनतम पारा 19 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना हुआ है। सागर में रात के समय ठंडक का असर बढ़ने लगा है। 1 नवंबर तक मौसम में उतार-चढ़ाव संभव
मौसम विभाग के अनुसार खाड़ी में उठे चक्रवाती तूफा अर्नब के असर से मौसम में बदलाव देखने को मिल रहा है। आगामी 1 नवंबर तक मौसम में उतार-चढ़ाव देखने को मिलेगा। इस दौरान 40 से 50 किमी प्रतिघंटे के रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। कुछ स्थानों पर बौछारें पड़ने की भी संभावना है। आगामी 24 घंटों में जिले में बादल छाए रहने और हल्की बारिश होने की संभावना जताई गई है।

