रायगढ़ में पिकप से मवेशी तस्करी; आरोपी गिरफ्तार:झारखंड-ओड़िशा लेकर जा रहा था, घेराबंदी कर पुलिस ने पकड़ा, मवेशी समेत 11 लाख की संपत्ति जब्त

रायगढ़ में पिकप से मवेशी तस्करी; आरोपी गिरफ्तार:झारखंड-ओड़िशा लेकर जा रहा था, घेराबंदी कर पुलिस ने पकड़ा, मवेशी समेत 11 लाख की संपत्ति जब्त

छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिला में मवेशी तस्करी लंबे समय से हो रही है। जिस वजह से पुलिस द्वारा ऑपरेशन शंखनाद चलाया जा रहा है। ऐसे में पुलिस ने इस अभियान के तहत पिकप से मवेशी तस्करी कर रहे तस्कर को गिरफ्तार किया है। आरोपी मवेशियों को झारखंड-ओड़िशा लेकर जा रहा था। मामला लैलूंगा थाना क्षेत्र का है। मिली जानकारी के मुताबिक पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि एक सफेद रंग के पिकअप वाहन में ऊपर से काला पन्नी ढककर मवेशियों को ठूंस-ठूंसकर और क्रूरतापूर्वक भरकर झारखंड-ओड़िशा की ओर ले जाया जा रहा है। सूचना पर तत्काल कार्रवाई करते हुए पुलिस ने ग्राम कुंजारा मेन रोड पर घेराबंदी करते हुए जांच शुरू कर दी। तभी घरघोड़ा की ओर से सफेद रंग का पिकअप वाहन आते दिखाई दिया, जिसे पुलिस टीम ने रोककर जांच की। वाहन की तलाशी लेने पर उसमें 13 गौवंश मिले, जिन्हें क्रूरतापूर्वक लोड करने के साथ ही उनकी तस्करी के लिए ले जाया जा रहा था।
कोई कागजात पेश नहीं कर सका
ऐसे में पुलिस ने वाहन चालक इमरान खान 29 साल निवासी केराडिह, थाना नारायणपुर, जिला जशपुर से मवेशियों के परिवहन संबंधी वैध दस्तावेज मांगे। तब पहले तो इमरान टालमटोल करने लगा, बाद में वह कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। ऐसे में पुलिस वाहन चालक को हिरासत में लेकर वाहन समेत थाना लेकर आ गई।
मवेशी समेत 11 लाख की संपत्ति जब्त
जहां उससे पूछताछ करेन पर उसने बताया कि मवेशियों को झारखंड-ओड़िशा की ओर बूचड़खाने ले जा रहा था। पुलिस ने पशु क्रूरता पाए जाने पर गवाहों की मौजूदगी में वाहन से सभी 13 गौवंशों को मुक्त कराया। जप्त गौवंशों की अनुमानित कीमत 1 लाख 4 हजार और तस्करी में प्रयुक्त पिकअप वाहन की कीमत करीब 10 लाख है, इस प्रकार कुल 11 लाख 4 हजार की संपत्ति जप्त की गई।
आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया
प्रकरण में पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 4, 6, 10, 11 छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम, 2004 के तहत अपराध पंजीबद्ध कर उसे गिरफ्तार किया गया और न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। वहीं तस्कर से मुक्त कराये गये गौवंशों को ग्राम झरन के गौशाला में चारा पानी के साथ सुरक्षित रखवाया गया है।
पुलिस मवेशी तस्करों पर नजर रख रही है
SSP शशि मोहन सिंह ने बताया कि ऑपरेशन शंखनाद के तहत जिले में गौवंश की अवैध तस्करी व पशु क्रूरता के खिलाफ पुलिस का अभियान जारी है। अवैध रूप से मवेशियों का परिवहन करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस मवेशी तस्करी पर लगातार नजर रख रही है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *