रायगढ़ के कमरगा में 20 दिनों से बिजली गुल:गाज गिरने से ट्रांसफार्मर खराब, शिकायत के बाद भी नहीं सुधरी व्यवस्था

रायगढ़ के कमरगा में 20 दिनों से बिजली गुल:गाज गिरने से ट्रांसफार्मर खराब, शिकायत के बाद भी नहीं सुधरी व्यवस्था

रायगढ़ के लैलूंगा ब्लॉक के कमरगा गांव में पिछले 20 दिनों से बिजली नहीं है। इससे करीब 400 परिवारों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। बारिश के दौरान ट्रांसफार्मर पर गाज गिरने से वह खराब हो गया था। इसके बाद से पूरे गांव की बिजली व्यवस्था ठप है। ग्रामीणों ने बताया कि बिजली नहीं होने के कारण पानी की समस्या भी बढ़ गई है। किसी तरह आसपास के कुओं और दूसरे साधनों से पानी की व्यवस्था की जा रही है। बिजली के अभाव में ग्रामीणों की रोजमर्रा की जिंदगी भी प्रभावित हो रही है। रात के समय गांव की गलियों और रास्तों में अंधेरा रहता है। घरों में रोशनी के लिए ग्रामीणों को मोमबत्ती और चिमनी का सहारा लेना पड़ रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि ट्रांसफार्मर खराब होने के बाद से अब तक बिजली व्यवस्था बहाल नहीं हो सकी है। लिखित शिकायत के बाद भी नहीं सुधरी व्यवस्था ग्रामीणों ने बताया कि खराब ट्रांसफार्मर को लेकर विद्युत विभाग के संबंधित अधिकारियों को लिखित शिकायत दी जा चुकी है। इसके बावजूद अब तक ट्रांसफार्मर को सुधारने या नया ट्रांसफार्मर लगाने की पहल नहीं की गई है। लगातार 20 दिनों से बिजली नहीं होने के कारण ग्रामीणों में नाराजगी बढ़ रही है। उन्होंने विद्युत विभाग से जल्द से जल्द खराब ट्रांसफार्मर को सुधारने या नया ट्रांसफार्मर लगाने की मांग की है, ताकि गांव में बिजली व्यवस्था बहाल हो सके। पानी और अंधेरे से ग्रामीण परेशान कमरगा गांव की सरपंच कुसूम खलखो ने बताया कि बिजली बंद होने के बाद से गांव के लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। पानी के लिए लोग इधर-उधर से व्यवस्था कर काम चला रहे हैं। उन्होंने बताया कि बिजली नहीं होने से पूरे गांव में अंधेरा रहता है। 20 दिन बीत जाने के बाद भी बिजली व्यवस्था ठीक नहीं की गई है, जबकि विभाग को इसकी जानकारी दी जा चुकी है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *