हरियाणवी गायक अंकित बालियान की हत्या के बाद उनके पैतृक गांव बनतीखेड़ा में आज भी मातम और गम का माहौल है। अंकित की 13वीं के अवसर पर बुधवार को उनके घर पर हवन और इसके बाद गांव के सरकारी मैदान में शोकसभा आयोजित की जाएगी। सुबह से हवन शुरू हो चुका है, जबकि 11 बजे सरकारी मैदान में शोकसभा रखी गई है। इसमें परिवार, रिश्तेदारों, ग्रामीणों और शुभचिंतकों के साथ हरियाणवी संगीत जगत से जुड़े कलाकारों और लेखकों के पहुंचने की संभावना है। शोकसभा को लेकर गांव में तैयारियां की गई हैं और बड़ी संख्या में लोगों के जुटने की उम्मीद है। इसी बीच अंकित की पत्नी और पिता की ओर से हरियाणवी गायक मासूम शर्मा को लेकर लगाए गए आरोपों ने भी मामले को चर्चा में ला दिया है। परिवार का कहना है कि अंकित की मौत के बाद मासूम शर्मा ने उनसे संपर्क नहीं किया और न ही घर पहुंचकर दुख जताया। हालांकि, शोकसभा में मासूम शर्मा के पहुंचने की चर्चा है।
घर पर होगा हवन
परिजनों के अनुसार बुधवार सुबह करीब 9 बजे अंकित बालियान के आवास पर हवन शुरू हो गया है। हवन में अंकित की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की जाएगी। इसके बाद सुबह 11 बजे गांव के सरकारी मैदान में शोकसभा आयोजित की जाएगी। परिवार ने परिचितों, रिश्तेदारों, ग्रामीणों और शुभचिंतकों से शोकसभा में पहुंचकर दिवंगत गायक को श्रद्धांजलि देने की अपील की है। संगीत जगत के कलाकारों के पहुंचने की उम्मीद शोकसभा में अंकित के परिचितों और ग्रामीणों के अलावा हरियाणवी संगीत जगत से जुड़े कलाकार और लेखक भी पहुंच सकते हैं। हरियाणवी गायक मासूम शर्मा के भी शोकसभा में शामिल होने की चर्चा है। इसके अलावा राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्र से जुड़े कुछ वरिष्ठ लोगों के पहुंचने की भी संभावना जताई जा रही है। हालांकि, किन नेताओं और जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी रहेगी, इसकी अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। पत्नी ने मासूम शर्मा पर उठाए सवाल अंकित बालियान की पत्नी ने मासूम शर्मा को लेकर सवाल खड़े किए हैं। उनका कहना है कि अंकित की मौत के बाद मासूम शर्मा ने परिवार से संपर्क नहीं किया। न कोई फोन आया और न ही कोई मैसेज किया गया। पत्नी के अनुसार मासूम शर्मा ने सोशल मीडिया, खासकर इंस्टाग्राम पर ही अपना दुख जाहिर किया, लेकिन परिवार के बीच पहुंचकर संवेदना व्यक्त नहीं की। ‘अगर अपना मानते तो परिवार के साथ खड़े होते’ अंकित की पत्नी का कहना है कि यदि मासूम शर्मा अंकित को अपना मानते थे तो उन्हें इस दुख की घड़ी में परिवार के बीच आना चाहिए था। उन्होंने कहा कि मासूम शर्मा हरियाणा के बड़े कलाकार हैं और लोग उन्हें सम्मान देते हैं। ऐसे में उनसे उम्मीद थी कि वह घर पहुंचकर परिवार को ढांढस बंधाते और कहते कि उनका भाई चला गया है, लेकिन वह परिवार के बीच नहीं पहुंचे। राजू पंजाबी का उदाहरण देकर जताई नाराजगी अंकित की पत्नी ने हरियाणवी गायक राजू पंजाबी के निधन का भी उदाहरण दिया। उन्होंने कहा कि राजू पंजाबी की मौत के बाद हरियाणवी संगीत जगत के कई कलाकार एकजुट हुए थे और परिवार के साथ खड़े हुए थे। उनके अनुसार अंकित भी राजू पंजाबी के निधन पर शोक व्यक्त करने पहुंचे थे। पत्नी ने सवाल किया कि जब अंकित दूसरे कलाकारों के दुख में शामिल होते थे तो उनकी मौत के बाद हरियाणवी संगीत जगत की ओर से उन्हें अपेक्षित सहयोग क्यों नहीं मिला। ‘हरियाणा की इंडस्ट्री से जीरो सपोर्ट’ अंकित की पत्नी ने आरोप लगाया कि हरियाणा की संगीत इंडस्ट्री से परिवार को अपेक्षित सहयोग नहीं मिला। उन्होंने कहा कि परिवार को इस समय कलाकारों की ओर से मोरल सपोर्ट की जरूरत थी, लेकिन अधिकांश लोग सोशल मीडिया तक ही सीमित रहे। उनका कहना है कि अंकित हरियाणा में काम करने वाले कलाकार थे और ऐसे समय में इंडस्ट्री को परिवार के साथ खड़ा होना चाहिए था। पिता ने भी मासूम शर्मा पर लगाए गंभीर आरोप अंकित के पिता ने भी मासूम शर्मा के घर नहीं आने और परिवार से संपर्क नहीं करने पर नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि मासूम शर्मा की ओर से न फोन किया गया और न ही परिवार से कोई संपर्क किया गया। पिता ने इसे शर्मनाक बताते हुए सवाल उठाए कि यदि सब कुछ साफ है तो वह परिवार के दुख में शामिल होने के लिए घर क्यों नहीं पहुंचे। पिता बोले- ‘चोर की दाढ़ी में तिनका’ अंकित के पिता ने आरोप लगाते हुए कहा कि मासूम शर्मा का परिवार के बीच न पहुंचना उन्हें संदेह पैदा करता है। उन्होंने कहा कि उन्हें ऐसा लग रहा है कि ‘चोर की दाढ़ी में तिनका है।’ पिता ने यहां तक आरोप लगाया कि यदि मासूम शर्मा पूरी तरह साफ होते तो वह परिवार के घर आते और उनके दुख में शामिल होते। हालांकि, मासूम शर्मा की ओर से इन आरोपों पर उनका पक्ष सामने आना बाकी है।
13वीं में पहुंचेंगे मासूम शर्मा? परिवार की ओर से लगाए गए आरोपों और विवाद के बीच अब चर्चा है कि मासूम शर्मा बुधवार को अंकित की 13वीं और शोकसभा में पहुंचेंगे। उनकी मौजूदगी को लेकर गांव और संगीत जगत में भी चर्चा है। अब देखना होगा कि वह शोकसभा में शामिल होते हैं या नहीं। अमित सैनी रोहतकीय ने घर पहुंचकर जताया दुख इससे एक दिन पहले हरियाणवी कलाकार अमित सैनी रोहतकीय अंकित के घर पहुंचे और परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की। उन्होंने बताया कि कुछ दिन पहले ही उनकी अंकित से मुलाकात हुई थी। दोनों साथ में एक गाना बनाने की योजना पर भी चर्चा कर रहे थे। अंकित की अचानक मौत से वह भी भावुक नजर आए। लगातार गांव पहुंच रहे लोग अंकित की हत्या के बाद से ही उनके पैतृक गांव बनतीखेड़ा में लगातार परिचितों, रिश्तेदारों और शुभचिंतकों का पहुंचना जारी है। ग्रामीण परिवार के साथ खड़े हैं और घटना पर दुख के साथ आक्रोश भी जता रहे हैं। गांव में जगह-जगह अंकित की हत्या की चर्चा है और लोग उनके परिवार को ढांढस बंधा रहे हैं। आज होने वाली शोकसभा परिवार के लिए बेहद भावुक दिन होगा। हवन के दौरान अंकित की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की जाएगी। इसके बाद शोकसभा में उनके जीवन, व्यवहार और संगीत के क्षेत्र में उनके योगदान को याद करते हुए श्रद्धांजलि दी जाएगी। ग्रामीणों और परिचितों के साथ कलाकारों तथा सामाजिक और राजनीतिक क्षेत्र से जुड़े लोगों के भी पहुंचने की संभावना है।

