हरियाणा के कुरुक्षेत्र में जीटी (GT) रोड स्थित ‘सतलोक आश्रम पिपली’ में हुई फायरिंग की घटना के बाद सुरक्षा बढ़ा दी गई है। एहतियात के तौर पर अब आश्रम परिसर के चारों तरफ सीसीटीवी (CCTV) कैमरे लगा दिए गए हैं। इससे पहले 21-22 अक्टूबर की रात को हुई वारदात के वक्त दूसरी तरफ बने बंद गेट पर नियमित पहरा तक नहीं था। रात में पहरा दे रहे सेवादारों ने पटाखे जैसी आवाज़ और गाली-गलौज तो सुनी थी, लेकिन उन्हें गोली चलने का अंदाजा नहीं हो पाया। अगली सुबह जब गेट पर गोली के निशान मिले, तब आश्रम प्रबंधन को वारदात का पता चला। आश्रम इंचार्ज पुरुषोत्तम दास के मुताबिक, इस घटना से 10-15 दिन पहले भी दो गाड़ियों में आए कुछ संदिग्ध लोग आश्रम के पास गाली-गलौज करके गए थे। प्रबंधन को अंदेशा है कि वे लोग रेकी करने आए थे। इस फायरिंग की घटना के चलते 22 अक्टूबर को संत रामपाल का आश्रम आने का प्रस्तावित कार्यक्रम भी रद्द करना पड़ा। दूसरी तरफ, पुलिस इस मामले में अब तक दो आरोपियों प्रेमचंद और अनिल को गिरफ्तार कर चुकी है। प्रेमचंद को कुरुक्षेत्र पुलिस ने दबोचा, जबकि अनिल को 23 अक्टूबर को करनाल पुलिस ने एनकाउंटर के बाद गिरफ्तार किया था। आश्रम प्रबंधन को शक है कि फायरिंग मुख्य रूप से अनिल ने ही की थी, जबकि प्रेमचंद हथियार सप्लायर की भूमिका में था। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए आश्रम प्रबंधन ने मुख्यमंत्री और राज्य सरकार से संत रामपाल को कड़ी सुरक्षा मुहैया कराने की गुहार लगाई है। कुरुक्षेत्र आश्रम के इंचार्ज पुरुषोत्तम दास ने बताईं यें बातें… आश्रम के बैनर लगी गोली और गेट की तस्वीर… अब जानिए पुलिस ने इस मामले में अब तक क्या किया… कुरुक्षेत्र पुलिस ने हथियार सप्लायर को दबोचा: पुलिस प्रवक्ता नरेश कुमार के मुताबिक, सतलोक आश्रम पिपली में हुई फायरिंग के मामले में करनाल जिले के गांव अरजेहड़ी निवासी प्रेमचंद को गिरफ्तार किया गया है। उस पर फायरिंग करने वाले आरोपियों को हथियार मुहैया कराने का आरोप है। अदालत के आदेश पर उसे जेल भेज दिया गया है। पुलिस अब वारदात में शामिल अन्य आरोपियों और अवैध हथियारों की सप्लाई चैन से जुड़े पहलुओं की गहन जांच कर रही है। करनाल पुलिस ने एनकाउंटर के बाद मुख्य आरोपी को किया अरेस्ट दूसरी तरफ, 23 अक्टूबर को करनाल के भैणी खुर्द और रुकनपुर गांव के बीच रजबाहे की पुलिया पर नाकाबंदी के दौरान पुलिस की बदमाशों से मुठभेड़ हो गई। पुलिस ने संदिग्ध को रोकने का प्रयास किया, लेकिन उसने पुलिस टीम पर सीधी फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में गोली बदमाश की टांग में लगी और वह घायल होकर गिर पड़ा। पकड़े गए आरोपी की पहचान गांव अरजेहड़ी निवासी अनिल उर्फ सोपू उर्फ तोतला के रूप में हुई है। त्रिशूल गैंग का एक्टिव मेंबर है अनिल पकड़ा गया बदमाश अनिल ‘त्रिशूल गैंग’ का सक्रिय सदस्य बताया जा रहा है। मुठभेड़ के दौरान बदमाश ने पुलिस पर दो बार फायरिंग की, जिसके जवाब में पुलिस की ओर से तीन राउंड फायर किए गए। सतलोक आश्रम में फायरिंग करने का मुख्य शक अनिल पर ही है और आश्रम इंचार्ज ने भी उसी पर गोली चलाने का आरोप लगाया है। फिलहाल करनाल पुलिस ने इस मुठभेड़ और आरोपी से जुड़ी जानकारी कुरुक्षेत्र पुलिस के साथ साझा कर दी है। कुरुक्षेत्र पुलिस का कहना है कि वे जल्द ही आरोपी अनिल को प्रोडक्शन वारंट/रिमांड पर लेकर गहन पूछताछ करेंगे। ———————
ये खबर भी पढ़ें… रामपाल के आश्रम पर फायरिंग में धमकी भरा ऑडियो:कहा- देवी-देवताओं पर बोला तो माथे पर गोली मारेंगे; अंजलि अरोड़ा के सीता रोल पर भी भड़का हरियाणा के कुरुक्षेत्र में रामपाल के सतलोक आश्रम पर फायरिंग के मामले में सोशल मीडिया पर एक ऑडियो सामने आया है। इसमें शूटर समाना की तरफ से फायरिंग कराने का दावा किया जा रहा है। ऑडियो में बिना नाम लिए संत रामपाल को धमकी दी गई है कि अगर दोबारा हिंदू देवी-देवताओं को टारगेट किया गया तो माथे में गोली मार दी जाएगी। (पूरी खबर पढ़ें)

