सीकर: राजस्थान बीजेपी की वेबसाइट पर पहले प्रदेशाध्यक्ष जगदीश प्रसाद माथुर की सही तस्वीर अपलोड कर दी गई है। पत्रिका में खबर प्रकाशित होने के बाद बीजेपी ने गुरुवार सुबह करीब 7:30 बजे वेबसाइट के पॉपअप में बिहार से सांसद रहे जगदीश प्रसाद माथुर की जगह सीकर निवासी प्रदेश के पहले प्रदेशाध्यक्ष जगदीश प्रसाद माथुर की तस्वीर लगा दी। हालांकि, सुधार अभी अधूरा है। पॉपअप पर क्लिक करने पर खुलने वाले जीवनी टैब में अब भी बिहार के माथुर की तस्वीर ही प्रदर्शित हो रही है।
डिजिटल युग में बीजेपी की वेबसाइट पर पहले प्रदेशाध्यक्ष की गलत तस्वीर को लेकर पत्रिका ने गुरुवार को ‘जीवनी राजस्थान के माथुर की, फोटो बिहार के जगदीशप्रसाद माथुर की’ शीर्षक से खबर प्रकाशित की थी। इसके बाद संगठन ने सुबह ही पॉपअप की तस्वीर बदल दी, लेकिन जीवनी वाले टैब में सुधार नहीं किया।
जानें क्या था पूरा मामला?
प्रदेश बीजेपी के पहले प्रदेशाध्यक्ष सीकर निवासी जगदीश प्रसाद माथुर थे। लेकिन वेबसाइट पर प्रदेशाध्यक्षों की जानकारी वाले पॉपअप में लंबे समय से बिहार से सांसद रहे जगदीश प्रसाद माथुर की तस्वीर लगी थी। नाम के भ्रम से हुई इस चूक से दोनों नेताओं को लेकर भ्रम की स्थिति बनी हुई थी।
इसे भूल कहें या नाम का भ्रम, राजस्थान बीजेपी अपनी वेबसाइट पर अपने पहले प्रदेशाध्यक्ष जगदीश प्रसाद माथुर की तस्वीर तक सही नहीं रख पाई। बीजेपी की वेबसाइट पर प्रदेशाध्यक्षों की गैलरी में पहले नंबर पर राजस्थान के माथुर की जगह बिहार के पूर्व सांसद जगदीश प्रसाद माथुर की तस्वीर लंबे समय से लगी थी। डिजिटल सूचना के दौर में वर्षों से इस गलती का सुधारा नहीं जाना संगठन के सूचना प्रबंधन पर सवाल खड़े कर रहा था।

नाम का भ्रम, सवालों में सूचना प्रबंधन
राजस्थान बीजेपी के पहले प्रदेशाध्यक्ष सीकर निवासी जगदीश प्रसाद माथुर थे। विधायक और सांसद रहे माथुर 1980 में प्रदेश के पहले बीजेपी अध्यक्ष चुने गए थे। वेबसाइट पर उनकी जगह लगी तस्वीर बिहार के पूर्व सांसद जगदीश प्रसाद माथुर की थी। नाम एक होने से तस्वीर में भ्रम की संभावना है। लेकिन लंबे समय तक गलती दूर नहीं होना संगठन की तथ्य-जांच व्यवस्था पर सवाल खड़े कर रहा था।
तीनों सदनों के सदस्य रहे
13 जनवरी 1928 को सीकर में जन्मे जगदीश प्रसाद माथुर जनसंघ के पहले संगठन मंत्री और बाद में महामंत्री व अध्यक्ष रहे। वे उन चुनिंदा नेताओं में शामिल रहे, जिन्होंने लोकसभा, राज्यसभा और विधानसभा तीनों में प्रतिनिधित्व किया। संघ पर प्रतिबंध और आपातकाल के दौरान वे तिहाड़ जेल में भी रहे।
फोटो अलग, जीवनी सही
वेबसाइट पर उपलब्ध जीवनी राजस्थान के जगदीश प्रसाद माथुर की ही है, केवल तस्वीर गलत लगी थी। इससे वेबसाइट देखने वालों के सामने फोटो और परिचय को लेकर भ्रम की स्थिति बनती है।

