राजस्थान में कुचेरा निकाय चुनाव से पहले Congress पार्षदों पर दबाव बनाने का आरोप, Dotasra ने साधा निशाना

राजस्थान में कुचेरा निकाय चुनाव से पहले Congress पार्षदों पर दबाव बनाने का आरोप, Dotasra ने साधा निशाना

राजस्थान प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा और नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने शुक्रवार को राज्य की भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार पर आरोप लगाया कि वह नागौर जिले के कुचेरा में नगरपालिका अध्यक्ष के चुनाव से पहले कांग्रेस पार्षदों पर दबाव बनाने के लिए पुलिस और प्रशासन का गलत इस्तेमाल कर रही है। डोटासरा ने आरोप लगाया, ‘‘भाजपा ने लोकतंत्र लूटने के लिए नागौर के कुचेरा को पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया है.. शर्मनाक!’’
उन्होंने सोशल मीडिया पर एक बयान में कहा, ‘‘भाजपा सरकार सत्ता के नशे में लोकतंत्र की सारी मर्यादाएं तार-तार करने पर उतारू है। कल कांग्रेस के अध्यक्ष प्रत्याशी तेजपाल मिर्धा पर हमला और पार्षदों को जबरन (भाजपा खेमे में) ल जाने के प्रयास किए गए तथा अब कांग्रेस के निर्वाचित पार्षद निंबाराम जी को भी (भाजपा खेमे में) ले जाने के लिए भारी पुलिस बल भेजा गया है।’’
डोटासरा ने आरोप लगाया कि पार्षद को (भाजपा खेमे में) ले जाने के लिए उनके किसी दूर के रिश्तेदार से प्राथमिकी दर्ज करवाई गई है, जबकि स्वयं पार्षद निंबाराम और उनकी पत्नी ने वीडियो जारी कर साफ किया है कि वे कांग्रेस के साथ हैं।

डोटासरा ने सवाल उठाया, ‘‘फिर आखिर यह दबाव किसलिए बनाया जा रहा है और पुलिसिया कार्रवाई किसके इशारे पर तथा किस मकसद से हो रही है?’’
कांग्रेस नेता के अनुसार, ‘‘आखिर यह किस तरह का लोकतंत्र है? पुलिस और प्रशासनिक तंत्र का इस तरह इस्तेमाल लोकतांत्रिक जनादेश पर सीधा हमला है।’’
उन्होंने कांग्रेस कार्यकर्ताओं से एकजुट एवं मजबूती से खड़े रहने और सत्ता के दबाव के खिलाफ लोकतांत्रिक तरीके से आवाज बुलंद करने का आह्वान किया। इसी तरह विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने भी सरकार पर आरोप लगाया कि कांग्रेस पार्षदों पर दबाव डाला जा रहा है और उन्हें जबरन (भाजपा खेमे में) ले जाने की कोशिश की जा रही है।

उन्होंने कहा, ‘‘कुचेरा में कांग्रेस पार्षदों पर दबाव, उन्हें जबरन भाजपा खेमे में मिलाने के प्रयास और भारी पुलिस बल की तैनाती सरकार द्वारा वोट चोरी का प्रयास है। जब निर्वाचित पार्षद स्वयं स्पष्ट रूप से कह रहे हैं कि वे कांग्रेस के साथ हैं, तो फिर उन्हें डराने-धमकाने के लिए पुलिस किसके आदेश पर काम कर रही है?’’
जूली ने लिखा, ‘‘मुख्यमंत्री जी, सत्ता के मद में जनादेश को कुचलने की कोशिश मत कीजिए। पुलिस-प्रशासन जनता की सुरक्षा के लिए है, भाजपा की राजनीतिक इच्छाएं पूरी करने के लिए नहीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *