राजगढ़ जिले के माचलपुर थाना क्षेत्र के गोघटपुर गांव में शनिवार देर रात भैंस चोरी की घटना हुई। पुलिस और ग्रामीणों ने चोरों का करीब 50 किलोमीटर तक पीछा किया। इस दौरान बदमाशों ने दो बार गोली चलाई, लेकिन पुलिस की घेराबंदी के बाद वे पिकअप वाहन छोड़कर भाग निकले। पुलिस ने वाहन समेत चोरी की गई तीन भैंसें और दो पाड़े बरामद किए हैं। पिपलदी निवासी सरपंच देवीलाल ने बताया कि गोघटपुर गांव में उनके भानेज-जमाई सज्जन सिंह चौहान का मकान निर्माणाधीन है। निर्माण कार्य के चलते घर खुला था, इसलिए उन्होंने अपनी भैंसों को घर के बाहर बने बाड़े में बांध रखा था। शनिवार देर रात सज्जन सिंह की नींद खुली तो उन्होंने देखा कि बाड़े से तीन भैंसें और दो पाड़े गायब थे। उन्होंने तुरंत पुलिस और अपने रिश्तेदारों को चोरी की सूचना दी। सूचना मिलने के बाद सज्जन सिंह के रिश्तेदार अलग-अलग वाहनों से चोरों की तलाश में निकले। बांगपुरा गांव के समीप शंकरपुरा के पास सरपंच देवीलाल को माचलपुर से खिलचीपुर की ओर जा रही एक पिकअप दिखाई दी। पिकअप में भैंसें लदी हुई थीं, जिन्हें प्लास्टिक के तिरपाल से ढका गया था। संदेह होने पर देवीलाल और उनके रिश्तेदारों ने पिकअप का पीछा कर रोकने का प्रयास किया। पिकअप में चार बदमाश सवार थे। बदमाश ने दो बार फायर किया
देवीलाल ने बताया कि जब हम लोगों ने हमारी कार से उनका पीछा किया तो पिकअप में सवार एक बदमाश ने बंदूक निकाल ली और पीछा कर रहे हम लोगों की ओर दो बार फायर किया। हालांकि गोली किसी को नहीं लगी। इसी दौरान माचलपुर थाना प्रभारी की गाड़ी और डायल-112 वाहन भी मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने तुरंत खिलचीपुर पुलिस को सूचना देकर आगे रास्तों पर घेराबंदी करने के लिए कहा। पिकअप को रोकने के लिए खिलचीपुर की एक डायल-112 ने भोजपुर रोड स्थित मंगलसिटी कॉलोनी के पास रास्ते में पुलिस वाहन रोड़ पर अड़ा दिया। आरोपी पिकअप ड्राइवर ने पुलिस वाहन को टक्कर मारने की कोशिश की। खतरा देखते हुए डायल-112 के ड्राइवर ने तेजी से वाहन पीछे कर लिया, जिससे हादसा टल गया। इसके बाद बदमाश पिकअप को लेकर दूसरे रास्ते से भागने लगे। SDOP-टीआई ने संभाला मोर्चा
इसके बाद खिलचीपुर एसडीओपी धर्मवीर नागर और टीआई कमल गेहलोत के साथ खिलचीपुर की दोनों डायल-112 गाड़ियां भी पिकअप के पीछे लग गईं। सज्जन सिंह और उनके रिश्तेदार भी लगातार चोरों का पीछा कर रहे थे। बदमाश पिकअप को बरोल की तरफ ले गए। पुलिस ने बारोल चौकी के समीप घेराबंदी कर पिकअप को रोकने का प्रयास किया। पुलिस और ग्रामीणों की घेराबंदी के बाद पिकअप में सवार बदमाश मौका पाकर भाग निकले। वहीं एक बदमाश ने पुलिस और पीछा कर रहे लोगों को बंदूक दिखाकर डराया और पिकअप वाहन वहीं छोड़कर फरार हो गया। इसके बाद पुलिस ने पिकअप को कब्जे में लिया। वाहन में चोरी की गई 3 भैंस और 2 भैंस के बच्चे मिले। पुलिस वाहन और भैंसों को माचलपुर थाने ले गई। 50 किमी तक चलता रहा पीछा
सज्जन सिंह और उनके रिश्तेदारों ने चोरों के पिकअप वाहन का करीब 50 किलोमीटर तक पीछा किया। इस दौरान माचलपुर थाना प्रभारी आदित्य सोनी और खिलचीपुर पुलिस की टीम लगातार उनके पीछे लगी रही। पुलिस अब फरार बदमाशों की तलाश कर रही है। घटना में इस्तेमाल राजस्थान के नम्बर की पिकअप वाहन और बरामद भैंसों को पुलिस ने अपने कब्जे में लिया है।


