बालाघाट जिले के भरवेली थाना क्षेत्र के ग्राम हिरापुर में शनिवार देर रात दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे में रावड़बंदी निवासी यश गुप्ता की मौत हो गई, जबकि दो अन्य युवक घायल हो गए। दोनों घायलों का जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है। किराना सामान लेकर घर लौट रहा था युवक जानकारी के अनुसार, यश गुप्ता किराना सामान खरीदकर बाइक से घर लौट रहा था। इसी दौरान हिरापुर और धनसुआ के बीच बालाघाट से उकवा की ओर जा रही दूसरी बाइक से उसकी सीधी टक्कर हो गई। हादसे में तीनों युवक घायल हो गए। राहगीरों ने घटना की सूचना भरवेली पुलिस और एंबुलेंस को दी। एंबुलेंस की मदद से तीनों घायलों को बालाघाट जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद यश गुप्ता को मृत घोषित कर दिया। हादसे में कावेली निवासी रोहित मड़ावी और रूपझर निवासी अंकुश उइके घायल हुए हैं। दोनों का जिला अस्पताल में उपचार चल रहा है। बताया गया है कि अंकुश उइके की हालत गंभीर बनी हुई है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा रविवार को परिजनों की तहरीर मिलने के बाद अस्पताल चौकी पुलिस ने शव का पंचनामा कराया और पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। पुलिस के अनुसार, शून्य पर मर्ग कायम कर मर्ग डायरी संबंधित थाने भेजी जाएगी। आगे की जांच वहीं से की जाएगी।


