राजकोट में विरासत से विकास लोक मेला आरंभ, पहले दिन नेवी बैंड ने बांधा समां

राजकोट में विरासत से विकास लोक मेला आरंभ, पहले दिन नेवी बैंड ने बांधा समां

6 सितंबर तक चलेगा, स्वच्छता के लिए 290 सफाई कर्मचारी तैनात

राजकोट. जिला प्रशासन की ओर से जन्माष्टमी के उपलक्ष्य में रेसकोर्स मैदान में आयोजित ‘विरासत से विकास लोकमेला-2026’ का बुधवार को शुभारंभ किया गया।
‘विरासत से विकास लोकमेला-2026’ 6 सितंबर तक चलेगा, मेले का उदघाटन राजकोट मनपा की सफाईकर्मी गलालबेन मकवाणा के हाथों कराया गया। इस दौरान विधायक रमेश टीलाला, डॉ. महेंद्र पाडलिया, कलक्टर डॉ. ओमप्रकाश सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।
पहले दिन भारतीय नौसेना के नेवी बैंड की शानदार प्रस्तुति लोकमेले का खास आकर्षण रही। नेवी बैंड की प्रस्तुति से पूरे परिसर में देशभक्ति का माहौल देखने को मिला। इस प्रस्तुति ने समां बांध दिया।
कलक्टर डॉ. ओमप्रकाश ने बताया कि मेले में नागरिकों की सुरक्षा और सुविधा के लिए व्यापक व्यवस्थाएं की गई हैं। इनमें पेयजल, पुलिस बंदोबस्त, फायर फाइटर, एंबुलेंस, मेडिकल टीम, भीड़ प्रबंधन और ड्रोन के जरिए रियल टाइम एआइ आधारित क्राउड मैनेजमेंट शामिल है।
मेले में डेडिकेटेड डिजास्टर कॉरिडोर, दो नए डिजास्टर रूट, सेंट्रल कंट्रोल रूम और बाइक एंबुलेंस की व्यवस्था की गई है। करीब 150 फायर जवान तैनात रहेंगे, जबकि 10 करोड़ रुपए का लायबिलिटी इंश्योरेंस भी लिया गया है। स्वच्छता के लिए 290 सफाई कर्मचारी तीन शिफ्ट में दिन-रात काम करेंगे। मेला समाप्त होने के बाद भी 7 से 13 सितंबर तक 120 कर्मचारी पूरे मैदान की सफाई करेंगे।

मेले के नाम के सुझावकर्ता का सम्मान

इस वर्ष मेले का नाम ‘विरासत से विकास-2026’ सुझाने वाले अजय कुकडिया को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। लोकमेले के उद्घाटन के बाद ‘श्रावण उत्सव’ मेले का भी शुभारंभ किया गया।

खाद्य विभाग की टीम का छापा, 10 किलो सड़े हुए आलू किए नष्ट

मेला आरंभ होने से पहले, मनपा के स्वास्थ्य एवं खाद्य विभाग ने जांच अभियान शुरू किया। टीम मेले में पहुंची और खाद्य स्टॉलों की जांच की। इस दौरान एक स्टॉल से 10 किलो सड़े हुए आलू मिलने पर नष्ट किए गए।
लोकमेले में कारोबार करने वाले सभी फूड स्टॉल संचालकों को कच्चे माल और तैयार खाद्य पदार्थों की जांच करने, उचित तरीके से उनका भंडारण करने तथा हाइजेनिक कंडीशन बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं।
स्वास्थ्य अधिकारी ने बताया कि लोकमेले के पांचों दिन खाद्य विभाग तथा खाद्य एवं औषध निदेशक प्रशासन की टीमों द्वारा इसी तरह की जांच जारी रखी जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *