लखनऊ में शारदीय नवरात्र के समापन पर विजयादशमी के दिन रहीम नगर स्थित रामलीला मैदान में श्री दुर्गा पूजा समारोह का समापन हवन के साथ हुआ। दोपहर दो बजे माता की विसर्जन शोभायात्रा निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। बैंड-बाजे और डीजे की धुन पर महिला, पुरुष और बच्चे भक्ति गीतों पर नाचते-गाते आगे बढ़े। सेवादारों ने रास्ते में खड़े श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया। समिति के अध्यक्ष शरद मिश्रा ने बताया कि रहीम नगर में दुर्गा पूजा का यह 44वां वर्ष है। प्रतिवर्ष श्रद्धालु 5 किलोमीटर पैदल शोभायात्रा निकालकर गोमती तट पर प्रतिमाओं का विसर्जन करते हैं। शोभायात्रा के दौरान महानगर वार्ड के पार्षद हरिश्चंद्र लोधी प्रसाद वितरण और मार्ग की व्यवस्था देखते रहे।

