रतिया में सड़कों पर अवैध कब्जों पर उठे सवाल:सर्वसमाज सभा पदाधिकारी बोले- गलत पार्किंग से हादसे का खतरा; बिजली तार ठीक कराने की मांग

रतिया में सड़कों पर अवैध कब्जों पर उठे सवाल:सर्वसमाज सभा पदाधिकारी बोले- गलत पार्किंग से हादसे का खतरा; बिजली तार ठीक कराने की मांग

फतेहाबाद जिले के रतिया में सर्वसमाज सभा की मीटिंग में शहर की यातायात व्यवस्था, सड़कों पर बढ़ते अवैध कब्जों और बिजली से जुड़ी समस्याओं पर चर्चा की गई। सभा ने प्रशासन से इन मुद्दों पर तुरंत कार्रवाई की मांग की है। बैठक में सदस्यों ने चिंता जताई कि कबाड़ की दुकानों का सामान सड़क तक फैला रहता है। इसके अलावा, गलत पार्किंग से भी आना-जाना मुश्किल होता है। कुछ दिन पहले हुए एक हादसे में एक नौजवान की जान भी चली गई थी। बैठक को संबोधित करते हुए सभा के प्रधान सतपाल जिंदल ने कहा कि दशहरा पर्व के दौरान बाजारों में लोगों की आवाजाही बढ़ने से यातायात का दबाव भी अधिक रहता है। ऐसी स्थिति में सड़कों पर फैला कबाड़, दुकानों के बाहर खड़े वाहन और अन्य अवरोध दुर्घटनाओं का कारण बन सकते हैं। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि सड़कों पर किए गए अवैध कब्जों को हटवाया जाए और दुकानदारों को अपना सामान निर्धारित सीमा के भीतर रखने के निर्देश दिए जाएं। साथ ही, यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाने के लिए नियमित निगरानी और प्रभावी कार्रवाई की जाए। बिजली के खंभों पर लगे मीटरों और लटकती तारों पर जताई चिंता बैठक में शहर की बिजली व्यवस्था का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया गया। सदस्यों ने कहा कि कई स्थानों पर बिजली के खंभों पर लगे मीटरों की व्यवस्था उचित और सुरक्षित नहीं है। इसके अलावा, कुछ जगहों पर बिजली की तारें नीचे तक लटक रही हैं, जिससे लोगों की सुरक्षा को खतरा बना हुआ है। सभा ने बिजली विभाग से मांग की कि खंभों पर लगे मीटरों को सुरक्षित एवं मजबूत बॉक्स में व्यवस्थित किया जाए तथा लटकती और खुली तारों को प्राथमिकता के आधार पर ठीक करवाया जाए। जनहित के मुद्दों पर प्रशासन से कार्रवाई की अपील मीटिंग में प्रशासन और संबंधित विभागों से अपील की कि शहर में यातायात एवं बिजली व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए ठोस कदम उठाए जाएं। सड़कों को अतिक्रमण मुक्त बनाने, बाजारों में आवागमन सुचारु रखने और बिजली संबंधी खतरों को दूर करने से आम नागरिकों को राहत मिल सकती है तथा संभावित दुर्घटनाओं को रोकने में मदद मिलेगी। इस अवसर पर सभा के प्रधान सतपाल जिंदल, महासचिव डॉ. नैब सिंह मंडेर, सलाहकार अजमेर सिंह, उपाध्यक्ष गुरप्रीत सिंह नैन, बलविंदर शर्मा, कोषाध्यक्ष शेर सिंह भुल्लर, हैप्पी सिंह सेठी, जगजीत सिंह ढिल्लों, राजपाल ग्रोवर, बिन्ना जिंदल, राजिंदर मोंगा, सुरेंद्र कुमार और एडवोकेट सुशील जैन सहित सभा के अन्य सदस्य उपस्थित रहे।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *