मलेशिया में 3 से 10 अक्टूबर तक आयोजित एशिया पैसिफिक स्पोर्ट्स कॉन्फेडरेशन की अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में हिसार के 20 वर्षीय युवा खिलाड़ी निलेश ने अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। निलेश ने एथलेटिक्स की 4×400 मीटर पुरुष स्पर्धा में अपनी टीम के साथ शानदार प्रदर्शन करते हुए रजत (सिल्वर) पदक जीता है। निलेश पुलिस लाइन हिसार में तैनात एएसआई धर्मबीर के बेटे हैं। निलेश बधिर (सुनने में असमर्थ) हैं, लेकिन उन्होंने अपनी शारीरिक बाधा को अपनी सफलता के आड़े नहीं आने दिया। अपनी कड़ी मेहनत, दृढ़ इच्छाशक्ति और खेल प्रतिभा के दम पर उन्होंने अंतरराष्ट्रीय मंच पर यह मुकाम हासिल किया है। एसपी जैन ने मुलाकात कर दी बधाई इस शानदार उपलब्धि पर पुलिस अधीक्षक हिसार सिद्धांत जैन ने निलेश से मुलाकात कर उन्हें बधाई दी और सम्मानित किया। एसपी ने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि प्रतिभा किसी शारीरिक बाधा की मोहताज नहीं होती। मेहनत, आत्मविश्वास और अनुशासन के बल पर कोई भी लक्ष्य हासिल किया जा सकता है। युवाओं के लिए प्रेरणा बने निलेश एसपी सिद्धांत जैन ने कहा कि निलेश की यह उपलब्धि अन्य बच्चों, युवाओं और विशेषकर दिव्यांग बच्चों के लिए एक बड़ा प्रेरणास्रोत है। चुनौतियों से घबराने के बजाय उन्हें आगे बढ़ने का जरिया बनाना चाहिए। उन्होंने कहा कि पुलिस कर्मचारियों के बच्चे खेल और शिक्षा में निरंतर विभाग का नाम रोशन कर रहे हैं और हर बच्चे को उसकी रुचि के अनुसार आगे बढ़ने का अवसर व प्रोत्साहन मिलना चाहिए।

