अंबेडकरनगर में यूपी बोर्ड की हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट वर्ष 2027 की परीक्षाओं के लिए केंद्र निर्धारण की तैयारियां तेज हो गई हैं। माध्यमिक शिक्षा परिषद द्वारा परीक्षा केंद्रों की प्रस्तावित सूची 21 सितंबर को जारी की जाएगी। आपत्तियां दर्ज कराने के बाद 29 अक्टूबर को केंद्रों की अंतिम सूची प्रकाशित होगी। जिले में परीक्षा को बेहतर और पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से माध्यमिक शिक्षा परिषद ने जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय से परीक्षा केंद्र बनाए जाने के लिए विद्यालयों की सूची मांगी थी। इसके जवाब में, जिले के 369 विद्यालयों की सूची डीआईओएस कार्यालय द्वारा बोर्ड की वेबसाइट पर अपलोड कर दी गई है। परीक्षा केंद्रों के निर्धारण से पहले विद्यालयों में उपलब्ध आवश्यक सुविधाओं और निर्धारित मानकों का भौतिक सत्यापन कराया गया। जांच के दौरान विद्यालयों के मुख्य गेट, मैदान, शौचालय, प्रकाश व्यवस्था, पेयजल सुविधा और परीक्षार्थियों के बैठने की क्षमता का स्थलीय निरीक्षण किया गया। इसके अतिरिक्त, सीसीटीवी कैमरों की उपलब्धता, प्रश्नपत्रों एवं उत्तर पुस्तिकाओं की सुरक्षा व्यवस्था सहित अन्य जरूरी संसाधनों की भी जांच की गई। भौतिक सत्यापन के बाद तैयार रिपोर्ट माध्यमिक शिक्षा परिषद, प्रयागराज को भेज दी गई है। डीआईओएस कार्यालय के अनुसार, 21 सितंबर को परीक्षा केंद्रों की प्रस्तावित सूची प्रकाशित होने के बाद संबंधित विद्यालयों और अन्य पक्षों को 28 सितंबर तक अपनी आपत्तियां दर्ज कराने का अवसर मिलेगा। इन आपत्तियों के निस्तारण के बाद सितंबर के अंत में संशोधित सूची प्रकाशित की जाएगी। सभी प्रक्रियाएं पूरी करने के बाद माध्यमिक शिक्षा परिषद 29 अक्टूबर को परीक्षा केंद्रों की अंतिम सूची जारी करेगा। जिला विद्यालय निरीक्षक कौस्तुभ सिंह ने बताया कि यूपी बोर्ड परीक्षा को बेहतर, शांतिपूर्ण और नकलविहीन तरीके से संपन्न कराने के लिए ठोस कदम उठाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

