यूपी में मानसून जाते-जाते एक बार फिर एक्टिव हो रहा है। मौसम विभाग ने प्रदेश के 60 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया है। लखनऊ और आसपास के जिलों में शनिवार सुबह से धूप खिली है। वहीं, शुक्रवार को लखनऊ, नोएडा, गाजियाबाद, आगरा और झांसी समेत 20 शहरों में तेज बारिश हुई। लगातार हो रही मानसूनी बारिश से यूपी में गंगा-यमुना समेत 10 से ज्यादा नदियां उफान पर हैं। 26 जिले बाढ़ की चपेट में हैं। 4 लाख की आबादी प्रभावित है। मिर्जापुर में छोटे पुलों के ऊपर से नदी-नालों का पानी बह रहा है। फर्रुखाबाद में गंगा की बाढ़ से स्टेट हाईवे का 400 मीटर हिस्सा जलमग्न हो गया। बुलंदशहर में गंगा के कटान में पक्का श्मशान घाट नदी में समा गया। बदायूं में पंचायत घर बह गया। लखनऊ में गोमती का जलस्तर बढ़ने से ग्रामीण इलाकों में बाढ़ आ गई। सड़कों पर नदी का पानी बह रहा है। लखीमपुर खीरी में शारदा नदी की बाढ़ का पानी पुलिस चौकी और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र परिसर में भर गया। इधर, सीएम योगी ने PWD की समीक्षा बैठक में अफसरों को फील्ड में उतरने के निर्देश दिए। कहा- बारिश और बाढ़ से खराब हुई सड़कों को तुरंत ठीक किया जाए। बारिश-बाढ़ की तस्वीरें देखिए… लखनऊ के मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया- यूपी में मानसून अब अंतिम चरण में है। बंगाल की खाड़ी से आ रही नमी भरी हवाओं से 2 दिनों तक पूर्वी यूपी में मध्यम बारिश हो सकती है। पश्चिमी यूपी में फिलहाल बारिश रुकी हुई है, लेकिन दो दिन बाद हल्की-फुल्की बारिश शुरू हो सकती है। आज कहां-कहां बारिश होगी? यूपी में बारिश और बाढ़ के पल-पल के अपडेट के लिए नीचे लाइव ब्लॉग से गुजर जाइए-

