सुल्तानपुर में नहर से महिला और उसके गर्भ में पल रहे बच्चे का शव मिलने के मामले में पुलिस ने हत्या का मुकदमा दर्ज किया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हत्या की पुष्टि होने के बाद मृतका के पति, ससुर और देवर को आरोपी बनाया गया है। पुलिस ने अंतिम संस्कार के बाद पति को हिरासत में ले लिया है। 9 सितंबर को बल्दीराय थाना क्षेत्र के नरसिंहपुर के पास नहर में महिला और नवजात के शव मिले थे। बाद में उनकी पहचान बिही निदूरा गांव की मनीषा (24) के रूप में हुई। मनीषा आठ माह की गर्भवती थी। पुलिस के मुताबिक, उसके पिता की तहरीर और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर अब मामले की जांच हत्या के एंगल से की जा रही है। 9 सितंबर को नहर में मिले थे महिला और बच्चे के शव बल्दीराय थाना क्षेत्र के नरसिंहपुर के पास 9 सितंबर को नहर में एक महिला और बच्चे का शव मिलने से हड़कंप मच गया था। पुलिस ने दोनों शवों को बाहर निकलवाकर पहचान की कोशिश शुरू की। बाद में महिला की पहचान बिही निदूरा गांव की मनीषा के रूप में हुई। परिजनों के मुताबिक, मनीषा आठ माह की गर्भवती थी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट सामने आने के बाद पुलिस ने मामले को हत्या मानते हुए जांच आगे बढ़ाई।
पहले गांव के युवक के साथ गई थी, कोर्ट मैरिज के बाद टूटा नाता मनीषा की शादी 8 मई को होनी थी, लेकिन इससे पहले 25 जनवरी को वह गांव के अखिलेश पुत्र देवराज के साथ चली गई थी। परिवार ने उस समय थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। बाद में परिजनों को जानकारी हुई कि मनीषा ने अखिलेश से कोर्ट मैरिज कर ली है। इसके बाद परिवार ने उससे नाता तोड़ लिया था। पुलिस अब उसकी शादी और इसके बाद की परिस्थितियों से जुड़े पहलुओं की भी जांच कर रही है। पति ने बताया था- आधार कार्ड बनवाने बाजार ले गया था 6 सितंबर को मनीषा के लापता होने की सूचना पुलिस को दी गई थी। पति अखिलेश ने पुलिस को बताया था कि वह मनीषा को आधार कार्ड बनवाने के लिए बाजार लेकर गया था। वहां मनीषा ने भूख लगने की बात कही तो अखिलेश समोसा लेने चला गया। अखिलेश के मुताबिक, जब वह समोसा लेकर वापस लौटा तो मनीषा वहां नहीं थी। इसके बाद उसकी तलाश की गई। दूसरी ओर मनीषा के पिता जगजीवन ने पुलिस को तहरीर देकर मारपीट के बाद हत्या किए जाने का आरोप लगाया था। पोस्टमार्टम में हत्या की पुष्टि, पति समेत तीन पर केस मृतका के पिता की तहरीर के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। 10 सितंबर को आई पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हत्या की पुष्टि हुई। इसके बाद पुलिस ने अगले दिन पति, ससुर और देवर के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया।बल्दीराय थाने के एसओ महेंद्र सिंह ने बताया कि जगजीवन की तहरीर पर शुक्रवार को अखिलेश कुमार, उसके भाई लवकेश और पिता देवराज के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। अंतिम संस्कार के बाद आरोपी पति अखिलेश को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस मामले से जुड़े अन्य तथ्यों की जांच कर रही है।

