बागपत शहर कोतवाली क्षेत्र के पुराने कस्बे में 11 दिन पहले नीरज ने अपने मकान में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। अब मृतक के परिजनों ने उसकी पत्नी और ससुराल पक्ष पर मानसिक उत्पीड़न का आरोप लगाया है। कार्रवाई की मांग को लेकर परिजन और स्थानीय लोग बड़ी संख्या में पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचे। इस दौरान कुछ देर हंगामे की स्थिति बनी। सूचना पर पहुंचे एडिशनल एसपी प्रवीण सिंह चौहान ने परिजनों से बातचीत कर नियमानुसार कार्रवाई का आश्वासन दिया, जिसके बाद लोग शांत हुए। मृतक के पिता सहदेव ने आरोप लगाया कि नीरज की पत्नी लगातार उसे मानसिक रूप से प्रताड़ित कर रही थी। उन्होंने दावा किया कि पत्नी कई बार खुद को चोट पहुंचाकर नीरज के भाई को झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी देती थी। साथ ही नीरज पर घर जमाई बनकर रहने का दबाव बनाया जा रहा था। परिवार का आरोप है कि लगातार उत्पीड़न से परेशान होकर नीरज ने यह कदम उठाया। पुलिस मामले की जांच कर रही है और परिजनों की शिकायत के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

