ऑस्ट्रेलिया ने बांग्लादेश के खिलाफ दूसरे टेस्ट के लिए प्लेइंग-11 में एक बदलाव किया है। जैक वेदराल्ड की जगह मैथ्यू रेनशॉ को टीम में शामिल किया गया है। रेनशॉ 3 साल बाद टेस्ट क्रिकेट में वापसी करेंगे और ट्रैविस हेड के साथ पारी की शुरुआत करेंगे। दूसरा टेस्ट 22 अगस्त से मैके में खेला जाएगा। दो मैचों की सीरीज के पहले मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया को बांग्लादेश ने 9 विकेट से हराया था। ऐसे में ऑस्ट्रेलियाई टीम के सामने दूसरा टेस्ट जीतकर सीरीज 1-1 से बराबर करने की चुनौती है। रेनशॉ ने आखिरी टेस्ट भारत के खिलाफ खेला था मैथ्यू रेनशॉ फरवरी 2023 के बाद पहली बार टेस्ट मैच खेलेंगे। यह उनका 15वां टेस्ट होगा। उन्होंने आखिरी टेस्ट भारत दौरे पर खेला था। उस मुकाबले में वह मिडिल ऑर्डर में बल्लेबाजी करने उतरे थे। इस बार रेनशॉ को ओपनिंग की जिम्मेदारी मिली है। उन्होंने अपने टेस्ट करियर में इसी भूमिका में पाकिस्तान के खिलाफ 2016-17 में शतक लगाया था। टेस्ट क्रिकेट में उनका औसत 29.31 है, जबकि बेस्ट स्कोर 184 रन है। पिछले सीजन में रेनशॉ ने शेफील्ड शील्ड में अच्छा प्रदर्शन किया था। उन्होंने 49.90 की औसत से रन बनाए और तीन शतक लगाए। वेदराल्ड पहले टेस्ट में नहीं चले रेनशॉ को मौका देने के लिए जैक वेदराल्ड को बाहर किया गया है। उन्होंने डार्विन में खेले गए पहले टेस्ट में 23 और 0 रन बनाए थे। दोनों पारियों में उन्हें हसन महमूद ने आउट किया था। कप्तान पैट कमिंस ने वेदराल्ड के प्रदर्शन पर कहा कि वह टीम के साथ अच्छे रहे, लेकिन 6 टेस्ट मैचों में उतने रन नहीं बना सके, जितने उनसे और टीम से उम्मीद थी। अब उन्हें घरेलू क्रिकेट में लौटकर शेफील्ड शील्ड में प्रदर्शन के जरिए टीम में वापसी करनी होगी। चार तेज गेंदबाजों का विकल्प था, लेकिन लायन बरकरार दूसरे टेस्ट से पहले ऑस्ट्रेलिया के सामने टीम कॉम्बिनेशन को लेकर बड़ा सवाल था। मैके की पिच को देखते हुए चार तेज गेंदबाजों के साथ उतरने पर विचार किया जा रहा था। ऐसी स्थिति में नाथन लायन की जगह स्कॉट बोलैंड को मौका मिल सकता था। हालांकि, ऑस्ट्रेलिया ने लायन को टीम में बनाए रखा है। लायन ने दिसंबर में एशेज के दौरान हैमस्ट्रिंग चोट के बाद डार्विन टेस्ट से वापसी की थी। वहां उन्होंने पहली पारी में 1/102 का प्रदर्शन किया। मैके में पहली बार टेस्ट, शुरुआत में पेस को मदद की उम्मीद ग्रेट बैरियर रीफ एरिना में पहली बार टेस्ट मैच खेला जाएगा। क्यूरेटर पीटर कजाकोफ के मुताबिक पिच पर पेस और बाउंस मिलने की उम्मीद है। शुरुआत में तेज गेंदबाजों को मदद मिल सकती है, जबकि मैच आगे बढ़ने पर पिच बल्लेबाजों और स्पिनर्स के लिए बेहतर हो सकती है। ओपनिंग में ऑस्ट्रेलिया का प्रयोग जारी डेविड वॉर्नर के जनवरी 2024 में टेस्ट क्रिकेट से संन्यास लेने के बाद ऑस्ट्रेलिया लगातार ओपनिंग कॉम्बिनेशन में बदलाव करता रहा है। वॉर्नर के बाद उस्मान ख्वाजा को छोड़कर सात खिलाड़ी ओपनिंग कर चुके हैं। लाबुशेन को एक और मौका ऑस्ट्रेलिया ने मार्नस लाबुशेन को भी प्लेइंग-11 में बरकरार रखा है। उनके हालिया प्रदर्शन पर सवाल उठ रहे हैं, लेकिन टीम मैनेजमेंट ने फिलहाल उन्हें बाहर नहीं किया है। कमिंस को रेनशॉ से बड़ी पारी की उम्मीद पैट कमिंस ने रेनशॉ की वापसी पर कहा कि वह हाल के समय में अच्छी फॉर्म में हैं। पिछले सीजन में शेफील्ड शील्ड में उनका प्रदर्शन अच्छा रहा और व्हाइट-बॉल क्रिकेट में भी उन्होंने अपनी जगह बनाई है। कमिंस के मुताबिक रेनशॉ को अब हर दिन अपना बेस्ट वर्जन मैदान पर लाने की कोशिश करनी होगी। ऑस्ट्रेलिया को उम्मीद है कि वह टॉप ऑर्डर में टीम की परेशानी दूर कर सकेंगे। दूसरे टेस्ट के लिए ऑस्ट्रेलिया की प्लेइंग इलेवन मैथ्यू रेनशॉ, ट्रैविस हेड, मार्नस लाबुशेन, स्टीव स्मिथ, कैमरन ग्रीन, एलेक्स कैरी (विकेटकीपर), ब्यू वेबस्टर, पैट कमिंस (कप्तान), मिचेल स्टार्क, नाथन लायन और जोश हेजलवुड। दोनों टीमों के बीच 8वां टेस्ट खेला जाएगा ऑस्ट्रेलिया और बांग्लादेश के बीच अब तक 7 टेस्ट खेले गए हैं। ऑस्ट्रेलिया ने इनमें से 5 मुकाबले जीते हैं, जबकि बांग्लादेश को 2 जीत मिली हैं। बांग्लादेश ने अपनी पहली टेस्ट जीत 2017 में ढाका में दर्ज की थी, जबकि दूसरी जीत हाल ही में 2026 में डार्विन टेस्ट में मिली। सीरीज के लिए बांग्लादेश का स्क्वॉड नजमुल हुसैन शांतो (कप्तान), मेहदी हसन मिराज (उपकप्तान), सौम्या सरकार, शादमान इस्लाम, तंज़ीद हसन तमीम, मोमिनुल हक, मुशफिकुर रहीम, लिटन दास, अमित हसन, जैकर अली अनिक, तैजुल इस्लाम, तस्कीन अहमद, हसन महमूद, सैयद खालिद अहमद, एबादत हुसैन चौधरी, मुस्फिक हसन और शोरीफुल इस्लाम। ——————————————————- स्पोर्ट्स की यह खबर भी पढ़ें… श्रीलंका दौरे पर टीम इंडिया को हाई कमिश्नर का न्यौता:कोलंबो के इंडिया हाउस में हुआ भव्य स्वागत, दूसरा टेस्ट 23 अगस्त से श्रीलंका में भारत के हाई कमिश्नर संतोष झा ने दूसरे टेस्ट से पहले टीम इंडिया की मेजबानी की। यह कार्यक्रम कोलंबो स्थित इंडिया हाउस में हुआ। BCCI ने इस मौके से जुड़ी पोस्ट में कोलंबो की शाम को यादगार बताया गया। पोस्ट में टीम इंडिया के साथ भारत का झंडा भी लगाया गया। पूरी खबर
ऑस्ट्रेलिया ने दूसरे टेस्ट में एक बदलाव किया:रेनशॉ की 3 साल बाद वापसी, वेदराल्ड बाहर; बांग्लादेश के खिलाफ दूसरा मुकाबला कल से

