सरगुजा में लिव इन रिलेशन में रह रही युवती द्वारा डेम में कूदकर सुसाइड करने के मामले में पुलिस ने उसके प्रेमी के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। युवक का अवैध संबंध दूसरी युवती से होने के कारण दोनों के बीच विवाद होता था। मामला दरिमा थाना क्षेत्र का है। जानकारी के मुताबिक, लखनपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम कुन्नी निवासी अमृता खेस (19 वर्ष) 26 नवंबर 2025 को बड़ा दमाली स्थित अपने प्रेमी संजू मिंज के घर से निकली थी। पांच दिनों बाद 1 दिसंबर 2025 को उसका शव बड़ा दमाली के बरनई बांध में मिला था। शव की शिनाख्त अमृता खेस के रुप में हुई थी। मामले में दरिमा पुलिस ने मर्ग कायम किया था। सात माह बाद दर्ज हुई FIR पुलिस जांच में पता चला कि अमृता खेस का प्रेम संबंध बड़ा दमाली निवासी संजू मिंज से था। घटना से करीब डेढ़ वर्ष पूर्व अमृता खेस अपने प्रेमी संजू मिंज के घर ढूकू आ गई थी। इसे परिवार ने भी स्वीकार कर लिया और दोनों पति-पत्नी की तरह घर में रह रहे थे। उनका एक बच्चा भी है। जांच के दौरान पता चला कि संजू का किसी अन्य युवती से भी अवैध संबंध होने की जानकारी मिली तो दोनों के बीच विवाद होने लगा। संजू अपनी ढूकू पत्नी अमृता खेस को प्रताड़ित एवं मारपीट करने लगा। 26 नवंबर को भी संजू मिंज ने उसके साथ मारपीट की तो रात करीब 10 बजे वह घर से निकल गई और वापस नहीं लौटी। संजू एवं परिजनों ने उसकी तलाश की लेकिन उसका पता नहीं चला। पांच दिनों बाद उसका शव डेम में मिला। दरिमा पुलिस ने मामले में युवती के पिता एवं अन्य रिश्तेदारों सहित ससुराल पक्ष के लोगों का बयान दर्ज किया। मामले में पुलिस ने संजू मिंज के खिलाफ धारा 108 के तहत अपराध दर्ज किया है। मामले की जांच की जा रही है।

