भारतीय तेज गेंदबाज यश ठाकुर को अफगानिस्तान के खिलाफ टी-20 सीरीज और एशियन गेम्स के लिए टीम में शामिल किया गया है। उन्हें चोटिल हर्षित राणा की जगह दोनों स्क्वॉड में मौका मिला है। हर्षित हैमस्ट्रिंग चोट से पूरी तरह नहीं उबर सके हैं। उन्होंने अपना आखिरी इंटरनेशनल मैच इंग्लैंड दौरे पर खेला था। BCCI ने गुरुवार को टीम में इस बदलाव की पुष्टि की। इंग्लैंड दौरे पर खेला था आखिरी मैच हर्षित राणा ने भारत के लिए अपना आखिरी इंटरनेशनल मैच इंग्लैंड दौरे पर खेला था। इसके बाद से वे चोट के कारण टीम से बाहर हैं। राणा को वॉशिंगटन सुंदर जैसी हैमस्ट्रिंग चोट लगी है। हालांकि, सुंदर अब फिट हो चुके हैं और उन्हें अफगानिस्तान के खिलाफ टी-20 सीरीज के लिए फिट घोषित किया गया है। यश ठाकुर ने जिम्बाब्वे दौरे पर किया था डेब्यू 27 साल के यश ठाकुर विदर्भ के तेज गेंदबाज हैं। उन्होंने जुलाई में भारत के जिम्बाब्वे दौरे पर अपना टी-20 इंटरनेशनल डेब्यू किया था। यश ने इस दौरे पर दो मैच खेले और चार विकेट लिए। घरेलू टी-20 में भी उनका रिकॉर्ड अच्छा है। उन्होंने 50 सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी मैचों में 81 विकेट लिए हैं। इस दौरान उनका इकॉनमी रेट 7.04 रहा है। बुमराह और नीतीश भी फिटनेस के आधार पर टीम में तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह और ऑलराउंडर नितीश रेड्डी को भी अफगानिस्तान सीरीज के लिए फिटनेस के आधार पर टीम में शामिल किया गया है। बुमराह बाएं घुटने की चोट से जूझ रहे हैं। वह जुलाई में भारत के इंग्लैंड दौरे के बाद से क्रिकेट से दूर हैं। वहीं, नीतीश रेड्डी क्वाड्रिसेप्स की चोट से उबर रहे हैं। BCCI सूत्र के मुताबिक, बुमराह और नीतीश दोनों की वापसी सही दिशा में है। अफगानिस्तान सीरीज के बाद एशियन गेम्स भारत और अफगानिस्तान के बीच तीनों टी-20 मैच दिल्ली में 13 सितंबर से खेले जाएंगे। इसके बाद भारतीय टीम 22 सितंबर को टोक्यो में जापान के खिलाफ एकमात्र मैच खेलेगी। इसके बाद भारत 28 सितंबर से एशियन गेम्स में अपना अभियान शुरू करेगा।
यश ठाकुर को अफगानिस्तान टी-20 सीरीज, एशियन गेम्स में मौका:चोटिल हर्षित राणा बाहर, इंग्लैंड दौरे पर खेला था आखिरी मैच

