यमुनानगर के प्रताप नगर क्षेत्र के देवधर गांव में रिश्ते को लेकर हुए विवाद के बाद एक युवक द्वारा अपनी मंगेतर की गर्दन पर चाकू से हमला करने का मामला सामने आया है। हमले में युवती गंभीर रूप से घायल हो गई। उसकी गर्दन पर गहरा कट लगने के कारण करीब 20 टांके लगाने पड़े। युवती को पहले एक निजी अस्पताल में भर्ती करवाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया गया। घटना की सूचना मिलने पर प्रताप नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और साक्ष्य जुटाने के लिए फोरेंसिक टीम को भी बुलाया गया। फिलहाल पुलिस को किसी भी पक्ष की ओर से लिखित शिकायत नहीं मिली है। मासी की बेटी के साथ हुआ था रिश्ता जानकारी के अनुसार, खदरी निवासी करीब 20 वर्षीय जावेद का देवधर गांव में अपनी मासी की बेटी के साथ रिश्ता हुआ था। बताया जा रहा है कि किसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हो गई थी। इसी विवाद के बाद युवक मंगलवार देर शाम अपनी मंगेतर के घर पहुंच गया और उसकी गर्दन पर चाकू से वार कर दिया। हमले में युवती गंभीर रूप से घायल हो गई। बताया जा रहा है कि वारदात के समय घर पर कोई अन्य सदस्य मौजूद नहीं था। गर्दन पर गहरा घाव, करीब 20 टांके आए युवती पर हमले की जानकारी मिलने के बाद परिजन मौके पर पहुंचे और उसे उपचार के लिए निजी अस्पताल में भर्ती करवाया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार किया, लेकिन गर्दन पर गहरा घाव होने और हालत गंभीर होने के कारण उसे ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया गया। उपचार के दौरान युवती की गर्दन पर करीब 20 टांके लगाए गए। घटना के बाद क्षेत्र में चर्चा का माहौल है। घटना की सूचना मिलते ही प्रताप नगर थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की। वारदात से जुड़े साक्ष्य जुटाने के लिए फोरेंसिक टीम को भी घटनास्थल पर बुलाया गया। फिलहाल शुरुआती जानकारी में रिश्ते को लेकर विवाद होने की बात सामने आई है। हालांकि, कहासुनी किस बात पर हुई थी और हमले के पीछे की वास्तविक वजह क्या थी, इसकी पुष्टि होना अभी बाकी है। पुलिस कर रही जांच, नहीं मिली शिकायत: थाना प्रभारी प्रताप नगर थाना प्रभारी रोहतास कुमार ने बताया कि खदरी निवासी करीब 20 वर्षीय जावेद का देवधर गांव में अपनी मासी की बेटी के साथ रिश्ता हुआ था। दोनों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हुई थी। इसके बाद युवक द्वारा कथित तौर पर युवती के घर पहुंचकर उसकी गर्दन पर हमला किए जाने की जानकारी मिली है। थाना प्रभारी के अनुसार, फिलहाल किसी भी पक्ष की ओर से पुलिस को लिखित शिकायत नहीं दी गई है। शिकायत मिलने के बाद मामले में नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

