करनाल में बुजुर्ग सास को जमीन पर दबाकर पीटा:बहू पर केस दर्ज,बिजली बिल आधा करने को लेकर चल रहा था विवाद,घटना का वीडियो वायरल

करनाल में बुजुर्ग सास को जमीन पर दबाकर पीटा:बहू पर केस दर्ज,बिजली बिल आधा करने को लेकर चल रहा था विवाद,घटना का वीडियो वायरल

करनाल जिले के गांव बल्लाह में बुजुर्ग महिला के साथ उसकी पुत्रवधू द्वारा मारपीट करने का मामला सामने आया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला चर्चा में आया। वीडियो में बुजुर्ग महिला जमीन पर पड़ी बिलखती नजर आ रही है, जबकि पुत्रवधू उसे दबाए हुए दिखाई दे रही है। महिला रहम की गुहार लगाते हुए वहां मौजूद लोगों से मदद मांगती है, लेकिन आसपास खड़े लोग उसे छुड़ाने का प्रयास करते नजर नहीं आते। मामले में 27 अक्टूबर को शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने पुत्रवधू के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जानकारी के अनुसार, विवाद घरेलू कलह और बिजली बिल को लेकर हुआ था। बिजली बिल आधा करने को लेकर विवाद
जानकारी के अनुसार, गांव बल्लाह निवासी 60 वर्षीय कृष्णा पत्नी पालेराम अपने इकलौते बेटे बिजेंद्र से अलग रहती हैं। उनके बेटे बिजेंद्र की पत्नी रेणु के साथ बिजली बिल को लेकर विवाद चल रहा था। घर में इस्तेमाल होने वाला बिजली मीटर कृष्णा के पति पालेराम के नाम पर है। हालांकि, मीटर का इस्तेमाल दोनों परिवारों द्वारा किया जा रहा था। बिजली का बिल ज्यादा आने के कारण कृष्णा उसे भरने में असमर्थ थीं, जबकि पुत्रवधू रेणु बिल को आधा-आधा बांटने पर जोर दे रही थी। इसी बात को लेकर दोनों के बीच मतभेद बढ़ गए। मीटर उतरवाने के बाद बढ़ा विवाद
बताया गया है कि बिजली बिल को लेकर चल रहे विवाद के बीच बिजली का मीटर उतरवा दिया गया। इसके बाद सास और बहू के बीच तनाव और बढ़ गया। आरोप है कि इसी विवाद के दौरान दोनों के बीच हाथापाई हो गई। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में रेणु अपनी सास कृष्णा को जमीन पर दबाए हुए दिखाई दे रही है। बुजुर्ग महिला चिल्लाते हुए रहम की गुहार लगा रही है और किसी को फोन करने के लिए कह रही है। आसपास कुछ अन्य लोग भी खड़े दिखाई देते हैं, लेकिन वे बीच-बचाव करते नजर नहीं आते। 25 अक्टूबर की घटना, दो दिन बाद शिकायत
जांच के दौरान सामने आया कि वीडियो में दिखाई दे रही घटना 25 अक्टूबर की है। घटना के दो दिन बाद, 27 अक्टूबर को बुजुर्ग कृष्णा ने बल्लाह पुलिस चौकी में अपनी पुत्रवधू रेणु पत्नी बिजेंद्र के खिलाफ शिकायत दी। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस बोली- तथ्यों के आधार पर होगी कार्रवाई
बल्लाह चौकी प्रभारी रोहताश कुमार ने बताया कि बुजुर्ग कृष्णा ने अपनी पुत्रवधू रेणु के खिलाफ मारपीट की शिकायत दी है। शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर लिया गया है। मामला घरेलू कलह और बिजली मीटर के बिल से जुड़ा है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *