यमुनानगर जगाधरी के मुखर्जी पार्क स्थित काली माता मंदिर में माथा टेकने गए पब्लिक हेल्थ कर्मचारी का पर्स चोरी हो गया। पर्स में रखे डेबिट कार्ड के पिन की पर्ची का फायदा उठाकर चोर ने उसके बैंक खातों से 53 हजार 100 रुपये निकाल लिए। पीड़ित को खाते से रकम निकलने के मैसेज मिलने के बाद चोरी का पता चला। पुलिस ने अज्ञात चोर के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। विशाल नगर निवासी सुनील कुमार ने पुलिस को बताया कि वह पब्लिक हेल्थ विभाग में नौकरी करता है। शनिवार रात वह अपनी एक्टिवा से मुखर्जी पार्क स्थित काली माता मंदिर में माथा टेकने गया था। पूजा करने के बाद जब वह वापस अपनी एक्टिवा पर बैठने लगा तो उसने देखा कि उसकी पैंट की जेब से पर्स गायब था। पर्ची पर लिखे थे डेबिट कार्ड के पिन पर्स में एसबीआई के दो और सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया व पंजाब एंड सिंध बैंक का एक-एक डेबिट कार्ड, एसबीआई के दो क्रेडिट कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस, सरकारी आईडी कार्ड और करीब 1500 रुपये नकद थे। पीड़ित ने बताया कि उसने एक पर्ची पर डेबिट कार्ड के पिन लिखकर पर्स में रखे हुए थे। सुनील के अनुसार, घर पहुंचने पर उसे बैंक खाते से रकम निकलने का पता चला। करीब 8 बजे एसबीआई मेन ब्रांच जगाधरी के जॉइंट अकाउंट से डेबिट कार्ड द्वारा 10-10 हजार रुपये की चार ट्रांजेक्शन कर कुल 40 हजार रुपये निकाले गए। इसके बाद पंजाब एंड सिंध बैंक के खाते से 13 हजार 100 रुपये और निकाल लिए गए। इस तरह चोर ने कुल 53 हजार 100 रुपये निकाल लिए। गलत पिन डालने के दो मैसेज आए सुनील ने बताया कि रात करीब सवा आठ बजे सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया के डेबिट कार्ड से गलत पिन डालने के दो मैसेज भी पीड़ित के मोबाइल पर आए। इसके बाद उसे आशंका हुई कि चोर ने अन्य खातों से भी पैसे निकालने का प्रयास किया है। इसके बाद तुरंत पुलिस को शिकायत सौंपी गई। जगाधरी सिटी थाना प्रभारी महेश कुमार ने बताया कि पीड़ित की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ केस दर्ज किया है। पुलिस ने मामले की जांच के लिए टीम को घटनास्थल पर भेजा है। जल्द ही आरोपी को पकड़ लिया जाएगा।

