पलवल सीआईए स्टाफ ने नशीले पदार्थ की तस्करी के मामले में फरार चल रहे आरोपी अरुण उर्फ बिल्लू को गिरफ्तार किया है। अगस्त माह में उसके भाई रोहताश को 10 किलो 205 ग्राम गांजा के साथ पकड़ा गया था। रोहताश ने बताया था कि गांजा अरुण ही लेकर आया था। सीआईए प्रभारी जगमिंदर सिंह ने बताया कि 3 अगस्त को पलवल-सोहना रोड पर गश्त के दौरान एक सूचना पर रोहताश को गुप्ता गंज बाजार से गांजे के साथ पकड़ा गया था। उसके खिलाफ शहर थाने में एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज हुआ था। वारदात में इस्तेमाल बाइक बरामद जांच के दौरान सीआईए टीम ने अरुण उर्फ बिल्लू को गिरफ्तार किया। उसकी निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल बाइक भी मिली। अरुण अपने साथी के साथ मिलकर इसी बाइक पर गांजा लाया था और भाई रोहताश को दिया था। पूछताछ के बाद आरोपी अरुण को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया गया। पुलिस अन्य साथियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है। एसपी डॉ. दीप्ति गर्ग ने कहा कि जिले को नशामुक्त बनाने के लिए अभियान जारी रहेंगे।

