चंडीगढ़-नेशनल हाईवे पर जीरकपुर के पटियाला लाइट प्वाइंट के पास स्थित जीप प्लाजा होटल के बाहर हंगामा हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, होटल से बाहर निकल रहे कुछ युवकों और बाइक सवार युवकों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। देखते ही देखते विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। झड़प के दौरान दोनों पक्षों के बीच डंडों से मारपीट के साथ लात-घूंसे भी चले। घटना रविवार देर रात पटियाला लाइट प्वाइंट से करीब 100 मीटर की दूरी पर हुई, जहां आमतौर पर पुलिसकर्मी और पुलिस वाहन तैनात रहते हैं। व्यस्त हाईवे पर देर रात हुई इस झड़प ने कानून-व्यवस्था और नाइट पेट्रोलिंग की प्रभावशीलता पर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस जांच के बाद साफ होगा मामला झड़प में शामिल युवकों की पहचान अभी स्पष्ट नहीं हो पाई है। यह भी साफ नहीं है कि वे होटल के ग्राहक या स्टाफ से जुड़े थे, या बाहर से आए थे। विवाद किस बात को लेकर शुरू हुआ और डंडे कहां से आए, इन सवालों के जवाब पुलिस जांच के बाद ही सामने आ सकेंगे। पुलिस को यह भी स्पष्ट करना होगा कि घटना में कितने लोग घायल हुए, कोई शिकायत या FIR दर्ज की गई है या नहीं और किन लोगों की पहचान की गई है। इन सभी बिंदुओं पर आधिकारिक पुष्टि का इंतजार है।

