भास्कर न्यूज | अमृतसर मैड संधू हत्याकांड में गुजरात से काबू हरसिमरन और फतेह ने तरनतारन में अपने घर पर शूटर करन को वारदात से पहले 15 दिन तक पनाह दी थी। गांव संघे के रहने वाले दोनों आरोपियों हत्या से पहले रेकी की थी। पुलिस कमिश्नर हरमनबीर सिंह ने बताया कि मामले में अब तक 8 आरोपी काबू किए जा चुके हैं। दोनों आरोपियों ने तरनतारन में मास्टर कॉलोनी, नौशहरा पन्नुआं और मोहनपुर में फिरौती के लिए 3 जगह फायरिंग भी की थी। गोलियां चलाने के बाद गैंगस्टर करन बाठ के नाम से कॉल कर फिरौती मांगी थी। आरोपी अभी 16 अक्टूबर तक रिमांड पर है। पूछताछ के बाद तरनतारन पुलिस भी आरोपियों का प्रोडक्शन वारंट लेकर पूछताछ करेगी। हरसिमरन की उम्र 19 और फतेह की उम्र 21 साल है। दोनों 12वीं पास हैं। आरोपियों की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल की बाइक को बरामद कर लिया गया है। सीपी ने बताया कि गोलियां मारने वाले शूटर करन का साथी दूसरा शूटर अभी फरार चल रहा है। उसके पास ही वारदात में इस्तेमाल की पिस्तौल है। वह बार-बार लोकेशन बदल रहा है। उसे जल्द काबू किया जाएगा। हालांकि पुलिस ने गुजरात से 2 आरोपियों के पकड़े जाने की बात कही है मगर सूत्रों के मुताबिक, तीसरा आरोपी अरमान भी गिरफ्तार किया गया है, जिसके बारे में अभी पुलिस पुष्टि नहीं कर रही है। बता दें कि मैड संधू की 3 अक्टूबर की शाम लोहारका रोड पर गोली से हत्या कर दी गई थी।

