मेरठ विकास प्राधिकरण (MDA) कर्मचारी संगठन के चुनाव की तैयारियां पूरी हो गई हैं। नई कार्यकारिणी के लिए 19 सितंबर को मतदान होगा। कुल 121 कर्मचारी सुबह 9 बजे से दोपहर 2 बजे तक वोट डालेंगे। मतदान खत्म होने के बाद दोपहर 3 बजे से वोटों की गिनती शुरू होगी और नतीजे आने लगेंगे। चुनाव में अध्यक्ष और महामंत्री सहित कई पदों के लिए उम्मीदवार मैदान में हैं। इस बार कार पैनल और स्कूटी पैनल के अलावा दो निर्दलीय उम्मीदवार भी अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। सभी उम्मीदवारों को अलग-अलग चुनाव चिह्न दिए गए हैं, जिनके आधार पर कर्मचारी वोट डालेंगे। विपिन शर्मा पैनल से विपिन अध्यक्ष पद के लिए, ताराचंद महामंत्री पद के लिए, दयाशंकर दूबे वरिष्ठ उपाध्यक्ष पद के लिए, पीयूष शर्मा कनिष्ठ उपाध्यक्ष पद के लिए, अक्षय कौशिक संयुक्त मंत्री पद के लिए, चेतन लखेड़ा कार्यालय मंत्री पद के लिए, महेश महतो कोषाध्यक्ष पद के लिए और राजेश उप्पल प्रचार मंत्री पद के लिए चुनाव लड़ रहे हैं। वहीं, सचिन शर्मा पैनल से सचिन अध्यक्ष पद के लिए, अमित चौहान महामंत्री पद के लिए, अनुभव पटेल कार्यालय मंत्री पद के लिए और आयुष सिंह कोषाध्यक्ष पद के लिए उम्मीदवार हैं। स्कूटी पैनल के उम्मीदवारों ने इन पदों के लिए चुनाव प्रचार भी किया है। निर्दलीय उम्मीदवारों में ओमपाल सिंह अध्यक्ष पद के लिए ‘बस’ चुनाव चिह्न पर चुनाव लड़ रहे हैं। रामनिवास महामंत्री पद के लिए ‘अनार’ चुनाव चिह्न के साथ मैदान में हैं। इस तरह अध्यक्ष और महामंत्री पद पर पैनल और निर्दलीय उम्मीदवारों के बीच मुकाबला देखने को मिलेगा। मतदान स्थल पर कुछ नियम भी तय किए गए हैं। वोट डालने के लिए मतदाताओं को अपना आई-कार्ड लाना जरूरी होगा। मतदान केंद्र के अंदर मोबाइल फोन और पेन ले जाने की इजाजत नहीं होगी। चुनाव प्रक्रिया को सही तरीके से पूरा करने के लिए सभी जरूरी इंतजाम किए जा रहे हैं। चुनाव के दौरान सुरक्षा बनाए रखने के लिए पुलिस को भी जानकारी दी गई है। दोपहर 3 बजे से वोटों की गिनती शुरू होगी। ऐसे में कर्मचारियों की नजर मतदान के साथ-साथ नतीजों पर भी बनी रहेगी।

