कानपुर में महिला ने जहरीला पदार्थ खाया, मौत:पत्नी ने कहा जल्दी घर आओ, मेहंदी लगवाने चलना है; पति के मना करने पर सुसाइड किया

कानपुर में महिला ने जहरीला पदार्थ खाया, मौत:पत्नी ने कहा जल्दी घर आओ, मेहंदी लगवाने चलना है; पति के मना करने पर सुसाइड किया

कानपुर के नवाबगंज थाना क्षेत्र के विष्णुपुरी में करवा चौथ की तैयारियों के बीच एक महिला की जहरीला पदार्थ खाने से मौत हो गई। परिजनों के मुताबिक, महिला ने पति से मेहंदी लगवाने के लिए बाजार चलने को कहा था। पति ने काम अधिक होने की बात कहते हुए उसे अकेले जाने के लिए कहा। इसी बात से नाराज होकर महिला ने जहरीला पदार्थ खा लिया। हालत बिगड़ने पर परिजन उसे पहले निजी अस्पताल ले गए। गंभीर स्थिति देखते हुए हैलट अस्पताल रेफर कर दिया गया। वहां इलाज के दौरान महिला की मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पति ने काम अधिक होने की बात कहकर अकेले जाने को कहा विष्णुपुरी निवासी राजू पेंटर का काम करता है। परिवार में पत्नी पिंकी कुमारी और बच्चे डुग्गु, परी व मिली हैं। राजू के मुताबिक, बुधवार को वह रोज की तरह काम पर गया था। रात करीब 10 बजे पत्नी ने फोन कर मेहंदी लगवाने के लिए साथ चलने को कहा। इस पर उसने काम अधिक होने की बात कहते हुए पत्नी से अकेले चले जाने को कहा। राजू के मुताबिक, इसके बाद पत्नी ने फोन काट दिया। कुछ देर बाद बच्चों ने फोन कर बताया कि उनकी मां ने नाराज होकर जहरीला पदार्थ खा लिया है। जानकारी मिलते ही राजू घर पहुंचा। परिजन महिला को तत्काल नजदीकी निजी अस्पताल ले गए। वहां डॉक्टरों ने हालत गंभीर बताते हुए उसे हैलट अस्पताल रेफर कर दिया। परिजन उसे लेकर हैलट पहुंचे, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।

दो दिन पहले पत्नी के साथ खरीदी थी साड़ी और पूजा का सामान

राजू ने बताया कि करवा चौथ की तैयारियों के लिए वह दो दिन पहले पत्नी के साथ बाजार गया था। वहां से पत्नी के लिए साड़ी, पूजा का सामान और अन्य जरूरी चीजें खरीदी थीं। बुधवार को काम अधिक होने के कारण वह पत्नी के साथ मेहंदी लगवाने नहीं जा सका। उसने पत्नी को अकेले जाने के लिए कहा था। इसी बात को लेकर पत्नी नाराज हो गई थी।

पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा

महिला की मौत के बाद परिजनों ने डायल 112 पर सूचना दी। जानकारी मिलने पर नवाबगंज थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी जुटाई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

नवाबगंज थाना प्रभारी चंद्रशेखर सिंह ने बताया कि मामले में परिजनों की ओर से अभी कोई तहरीर नहीं मिली है। यदि कोई आरोप लगाया जाता है तो उसकी जांच कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *