गोंडा में 589 आंगनबाड़ी सहायिकाओं को नियुक्ति पत्र मिले:16 विकासखंडों में हुआ वितरण कार्यक्रम, 131 पद अभी रिक्त; दोबारा शुरू होगी चयन प्रक्रिया

गोंडा में 589 आंगनबाड़ी सहायिकाओं को नियुक्ति पत्र मिले:16 विकासखंडों में हुआ वितरण कार्यक्रम, 131 पद अभी रिक्त; दोबारा शुरू होगी चयन प्रक्रिया

गोंडा जिले में सोमवार दोपहर 12 बजे 589 आंगनबाड़ी सहायिकाओं को नियुक्ति पत्र वितरित किए गए। बाल विकास सेवा एवं पुष्टाहार विभाग ने जिले में 725 आंगनबाड़ी सहायिका पदों पर भर्ती प्रक्रिया शुरू की थी। इसमें 594 अभ्यर्थियों का चयन हुआ, जिनमें से 589 को सोमवार को नियुक्ति पत्र दिए गए। अभी 131 पद रिक्त हैं। इन पदों के लिए दोबारा विज्ञापन जारी कर चयन प्रक्रिया शुरू की जाएगी। जिले के सभी 16 विकासखंडों में नियुक्ति पत्र वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। विभिन्न ब्लॉकों में विधायकों और जनप्रतिनिधियों ने नवनियुक्त सहायिकाओं को नियुक्ति पत्र सौंपे।
बभनजोत विकासखंड में गौरा विधायक प्रभात कुमार वर्मा और ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि नीरज पटेल ने 55 से अधिक महिलाओं को नियुक्ति पत्र दिए। झंझरी में ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि आशीष मिश्रा ने 30 से अधिक महिलाओं को नियुक्ति पत्र वितरित किए। वहीं मुजेहना में विधायक विनय कुमार द्विवेदी, मनकापुर में ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि जगदेव चौधरी, छपिया में अनिल पासवान, वजीरगंज में पंकज सिंह, कर्नलगंज और परसपुर में विधायक अजय कुमार सिंह, तरबगंज में विधायक प्रेम नारायण पांडे और कटरा बाजार में विधायक बावन सिंह ने नियुक्ति पत्र बांटे।
‘पारदर्शिता के साथ हो रही नियुक्तियां’ नियुक्ति पत्र वितरण के बाद गौरा विधायक प्रभात कुमार वर्मा ने कहा कि सरकार महिलाओं को सशक्त और आत्मनिर्भर बनाने के लिए काम कर रही है। उन्होंने नवनियुक्त सहायिकाओं से अपने दायित्वों का गंभीरता से निर्वहन करने की अपील की।
उन्होंने कहा कि पहले नियुक्तियों में पारदर्शिता को लेकर सवाल उठते थे और चुनिंदा लोगों को ही अवसर मिलता था, लेकिन वर्तमान सरकार में पारदर्शी तरीके से नियुक्तियां की जा रही हैं। उन्होंने कहा कि नवनियुक्त आंगनबाड़ी सहायिकाएं केंद्रों पर आने वाले बच्चों को बेहतर शिक्षा और संस्कार देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *