मुरादाबाद में रेलवे स्टेशन के ठीक सामने स्थित दो गेस्ट हाउस में बुधवार देर रात अचानक भीषण आग लग गई। इससे स्टेशन के सामने भीड़भाड़ वाले इस इलाके में अफरा तफरी मच गई। तुरंत मौके पर पहुंची पुलिस ने हालात संभाले। ट्रैफिक को डायवर्ट किया गया और 30 से अधिक फायर फाइटर्स ने 8 फायर टेंडर्स की मदद से करीब 2 घंटे में आग पर काबू पाया। SP सिटी रणविजय सिंह ने बताया कि हादसे में दो गेस्ट हाउस विनायक गेस्ट हाउस और दास गेस्ट हाउस पूरी तरह जल गए हैं। लेकिन तुरंत लोगों को बाहर निकाल लिया गया, जिसकी वजह से कोई जनहानि नहीं हुई है। हादसे के वक्त गेस्ट हाउस में ठहरे परीक्षा देने आए एक छात्र समेत कई यात्रियों का सामान जल गया।
बुधवार देर रात करीब 12 बजे रेलवे स्टेशन के गेट नंबर 2 के सामने स्थित विनायक गेस्ट हाउस में भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। आग इतनी तेजी से फैली कि गेस्ट हाउस और उसके नीचे स्थित पीसीओ को अपनी चपेट में ले लिया। आग लगते ही इमारत में अफरा-तफरी मच गई।
आग की चपेट में इसके ठीक बराबर में स्थित दास गेस्ट हाउस भी आ गया। इससे सटी करीब 50 दुकानें और छोटे छोटे रेस्टोरेंट भी हैं। इससे पूरे इलाके में अफरातफरी मच गई।
गनीमत यह रही कि गेस्ट हाउस में ठहरे यात्रियों ने समय रहते बाहर भागकर अपनी जान बचाई, लेकिन जल्दबाजी में वे अपना कीमती सामान कमरों में ही छोड़ गए।
इस अग्निकांड में यात्रियों के कपड़े, नगदी, पहचान पत्र (आई-कार्ड) समेत लाखों का कीमती सामान जलकर राख हो गया। फैजाबाद से मुरादाबाद परीक्षा देने आए एक छात्र ने रोते हुए बताया कि आग में उसका आई-कार्ड, पैसे और कपड़े सब कुछ जल गए हैं, जिससे उसके सामने बड़ी मुसीबत खड़ी हो गई है। दमकल की 8 गाड़ियों ने पाया काबू, बड़ा हादसा टला आग की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम तुरंत मौके पर पहुंच गई। दमकल विभाग की 8 गाड़ियों ने एक के बाद एक पानी की बौछारें कर कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया। समय रहते दमकल कर्मियों के पहुंचने से आग को फैलने से रोक लिया गया, जिससे रेलवे स्टेशन रोड की आसपास की दर्जनों दुकानें चपेट में आने से बच गईं और एक बहुत बड़ा हादसा टल गया। शॉर्ट सर्किट या लापरवाही? जांच में जुटी पुलिस शुरुआती तौर पर आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट मानी जा रही है। हालांकि, अग्निशमन अधिकारियों का कहना है कि आग लगने के असली कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है। पुलिस और दमकल विभाग इस बिंदु पर भी तफ्तीश कर रहे हैं कि आग शॉर्ट सर्किट से लगी या फिर किसी यात्री की जलती हुई बीड़ी, सिगरेट या माचिस की तीली फेंकने की लापरवाही से भड़की। जांच पूरी होने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

