मुरादाबाद में रविवार से शारदीय नवरात्र की शुरुआत हो गई। पहले दिन लालबाग स्थित प्राचीन काली माता मंदिर में सुबह 5 बजे से ही श्रद्धालुओं की भीड़ जुटने लगी। भक्तों ने मां शैलपुत्री की पूजा-अर्चना कर परिवार की सुख-समृद्धि और अच्छे स्वास्थ्य की कामना की। मंदिर में सुबह से ही भक्तिमय माहौल बना रहा। नवरात्र के पहले दिन मां दुर्गा के प्रथम स्वरूप मां शैलपुत्री की पूजा की जाती है। इसी के चलते श्रद्धालु सुबह से ही पूजा की थाली, फूल और प्रसाद लेकर मंदिर पहुंचे। भक्तों ने विधि-विधान से पूजा की और माता रानी के सामने शीश झुकाकर आशीर्वाद लिया। महिलाओं और पुरुषों के साथ बच्चे भी दर्शन करने पहुंचे। नौ दिनों तक होगी मां दुर्गा की पूजा नवरात्र को लेकर श्रद्धालुओं में खासा उत्साह दिखाई दिया। कई भक्तों ने पहले दिन व्रत रखकर पूजा-अर्चना की। मान्यता है कि मां शैलपुत्री की पूजा करने से जीवन में सुख, शांति और समृद्धि आती है। इसी आस्था के साथ भक्त मंदिर पहुंचकर माता रानी का आशीर्वाद ले रहे हैं। लालबाग स्थित काली माता मंदिर शहर के प्रमुख धार्मिक स्थलों में शामिल है। नवरात्र के दौरान यहां हर साल बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन करने पहुंचते हैं। पहले दिन सुबह से लगी कतारों के साथ शहर में नवरात्र की रौनक दिखाई देने लगी। अगले नौ दिनों तक भक्त मां दुर्गा के अलग-अलग स्वरूपों की पूजा-अर्चना करेंगे।

