मुरादाबाद के बाजार गंज स्थित गणपति चौक पर चल रहे श्री गणेश महोत्सव के चौथे दिन गुरुवार को भक्ति और संस्कृति का रंग देखने को मिला। रात 9:30 बजे भगवान गणेश की महाआरती हुई। इसके बाद वैष्णवी कला मंच के कलाकारों ने धार्मिक और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। राधा-कृष्ण की लट्ठमार होली और फूलों की होली की प्रस्तुति ने श्रद्धालुओं को भक्ति में डुबो दिया। कोल्हापुर से आए पंडित की देखरेख में भगवान गणेश की महाआरती कराई गई। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने आरती में शामिल होकर भगवान गणेश के दर्शन किए और सुख-समृद्धि की कामना की। आरती के बाद भगवान गणेश को महाभोग लगाया गया। मेसर्स लाला ओम प्रकाश विपिन कुमार सर्राफ की ओर से 201 किलो लड्डुओं का भोग चढ़ाया गया। परिवार के साथ पहुंचे श्रद्धालुओं ने पूजा-अर्चना कर प्रसाद ग्रहण किया। इसके बाद सांस्कृतिक कार्यक्रम शुरू हुए। गणेश वंदना से कार्यक्रम की शुरुआत हुई। कलाकारों ने मां काली का नृत्य, राधा-कृष्ण की लट्ठमार होली, फूलों की होली और रंग-गुलाल की होली का मंचन किया। प्रस्तुतियों के दौरान पूरा पंडाल तालियों से गूंजता रहा। राधा-कृष्ण की होली के मंचन के दौरान श्रद्धालु भक्ति में डूबे नजर आए। देर रात तक पंडाल में कार्यक्रम देखने के लिए लोगों की भीड़ जुटी रही। कार्यक्रम में सचिन अग्रवाल, नितिन अग्रवाल, अनुराग अग्रवाल, सुमित अग्रवाल, प्रदीप अरोड़ा, अंकुर गोयल, सोनू मराठा, अरविंद मराठा, हरीश मराठा और गोख मदान समेत कई लोगों का सहयोग रहा।

