मुजफ्फरनगर में शिक्षा देवी डिग्री कॉलेज में ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत ‘सेवा मेरा योगदान’ स्वच्छता कार्यक्रम आयोजित किया गया। अभियान में कॉलेज के विद्यार्थियों और शिक्षकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और परिसर को स्वच्छ रखने का संकल्प लिया। बीए, बीकॉम और बीसीए के छात्र-छात्राओं ने कॉलेज प्रांगण और खेल मैदानों की सफाई की। प्राचार्य डॉ. राजकुमार अग्रवाल, शिक्षक नितिन छाबड़ा और श्यामपाल के मार्गदर्शन में विद्यार्थियों ने सामूहिक रूप से सफाई अभियान चलाया। इस दौरान परिसर में साफ-सफाई के साथ स्वच्छता के प्रति जागरूकता का संदेश दिया गया। अभियान के समापन पर प्राचार्य डॉ. राजकुमार अग्रवाल ने शिक्षकों और विद्यार्थियों को स्वच्छता बनाए रखने की सामूहिक शपथ दिलाई। उन्होंने कहा कि स्वच्छता केवल अभियान तक सीमित न रहकर दैनिक जीवन का हिस्सा बननी चाहिए। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने नियमित रूप से अपने आसपास स्वच्छता बनाए रखने और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करने का संकल्प लिया।

