मुजफ्फरनगर के चरथावल थाना क्षेत्र के रोनी हरजीपुर गांव में बीती रात अज्ञात चोरों ने एक के बाद एक तीन घरों को निशाना बनाया। दो घरों में चोरी करने में सफल रहे, जबकि तीसरे घर में प्रयास नाकाम रहा। चोर मौके पर अपनी पुरानी बाइक छोड़ गए और घर से नई मोटरसाइकिल लेकर फरार हो गए। वारदात के बाद गांव में दहशत और ग्रामीणों में पुलिस की कार्यप्रणाली को लेकर नाराजगी है। ग्रामीणों के मुताबिक तिलकराम हवाई के घर से करीब 1.5 लाख रुपए की नकदी और मिठाई चोरी हुई। वहीं स्वयं नामक धोबी के घर से करीब 2 लाख रुपए की नकदी, कानों के कुंडल और एक नई बाइक चोरी होने की बात सामने आई है। तीसरे घर में चोर चोरी करने में सफल नहीं हो सके। ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में लगातार चोरी की घटनाएं हो रही हैं। कभी किसानों के नलकूप निशाना बन रहे हैं तो कभी घरों में चोरी हो रही है। इससे लोग अपने घर और सामान की सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं। भाकियू नेता पहुंचे, अधिकारियों से की बात घटना की जानकारी मिलने के बाद भाकियू नेता और जिला पंचायत सदस्य विकास शर्मा मौके पर पहुंचे। उन्होंने वरिष्ठ अधिकारियों को फोन कर वारदात की जानकारी दी और जल्द खुलासा करने की मांग की। विकास शर्मा ने कहा कि जिले के बड़े अधिकारी बेहतर तरीके से काम कर रहे हैं, लेकिन छोटे स्तर पर कर्मचारियों की लापरवाही अधिकारियों के प्रयासों पर पानी फेर रही है। उन्होंने चोरी के साथ क्षेत्र में बढ़ती नशे की समस्या को भी गंभीर बताया और पुलिस प्रशासन से प्रभावी कार्रवाई की मांग की। सूखा नशा बिकने का आरोप विकास शर्मा ने आरोप लगाया कि क्षेत्र में नशे का कारोबार भी बढ़ रहा है। बिरालसी चौकी क्षेत्र में सूखा नशा खुलेआम बेचे जाने की शिकायतें सामने आ रही हैं। ग्रामीणों ने नशे के कारोबार की जांच कर कार्रवाई करने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि एक ओर जंगल क्षेत्र में तेंदुए की मौजूदगी को लेकर भय बना हुआ है, वहीं लगातार चोरी की घटनाओं ने परेशानी और बढ़ा दी है। उन्होंने पुलिस से गांवों में गश्त बढ़ाने और चोरी व नशे से जुड़े मामलों में सख्त कार्रवाई की मांग की। 17 को पंचायत में उठेगा मुद्दा विकास शर्मा ने चेतावनी दी कि यदि पुलिस-प्रशासन ने चोरी और नशे की समस्या पर जल्द प्रभावी कार्रवाई नहीं की तो 17 तारीख को होने वाली पंचायत में दोनों मुद्दों को प्रमुखता से उठाया जाएगा। उन्होंने कहा कि जरूरत पड़ी तो बड़े आंदोलन की शुरुआत भी की जाएगी।

