बिजनौर जिले में पिछले कई दिनों से तेज बारिश हो रही है, जिससे जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। सड़कों पर पानी भर गया है और कई नदियों का जलस्तर बढ़ गया है। किरतपुर क्षेत्र में एक किशोर की नाले में डूबकर मौत हो गई, वहीं चांदपुर में बिजली गिरने से दो पशुओं की जान चली गई। किरतपुर के अंसारियांन में 12 साल के किशोर हम्माद की नाले में डूबने से मौत हो गई। चांदपुर के शादीपुर में बिजली गिरने से दो पशुओं की मौत हो गई। अफजलगढ़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भी 2 से 3 फीट पानी भर गया। इससे एक्स-रे मशीन डूब गई और वहां रखी दवाइयां भी खराब हो गईं। जिले में कई दिनों से मौसम का मिजाज बदला हुआ है। लगातार बारिश से गर्मी से राहत मिली है, लेकिन अब यह परेशानी का सबब बन गई है। बिजनौर से गुजरने वाली मालन गंगा समेत कई नदियों का जलस्तर बढ़ गया है। कई सड़कों पर पानी भरने से लोगों को आने-जाने में दिक्कत हो रही है। कई इलाकों में बिजली सप्लाई भी ठप हो गई है। मजदूरी करने वाले लोगों को भी छुट्टी करनी पड़ी, जिससे उन्हें परेशानी हुई। हालांकि, इस बारिश से धान, गन्ने और पशुओं के चारे को फायदा होने की उम्मीद है। नगीना स्थित कृषि वेधशाला के प्रेक्षक सतीश कुमार ने बताया कि अभी मौसम में उतार-चढ़ाव बना रहेगा। अगले दो से तीन दिनों तक बारिश होने का अनुमान है। कृषि अनुसंधान केंद्र नगीना में पिछले तीन दिनों में बारिश का रिकॉर्ड दर्ज किया गया है। 3 सितंबर को 1.4 मिलीमीटर, 4 सितंबर को 17.2 मिलीमीटर और 5 सितंबर को 23.0 मिलीमीटर बारिश हुई।

