मिर्जापुर के विंध्याचल धाम पहुंचे उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने रविवार को सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव पर निशाना साधा। उन्होंने अखिलेश यादव को ‘बयान वीर’ बताते हुए कहा कि समाजवादी पार्टी का पीडीए पूरी तरह फर्जी है। मौर्य ने आरोप लगाया कि सपा पिछड़ों और दलितों के साथ धोखा कर रही है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा, ‘सूप तो सूप बोले, चलनियों बोले जिसमें 72 छेद।’ डिप्टी सीएम ने दावा किया कि 2027 में उत्तर प्रदेश में तीसरी बार भाजपा की सरकार बनेगी। बोले- मां विंध्यवासिनी की कृपा से हो रहा विकास केशव प्रसाद मौर्य निर्धारित समय से करीब 15 मिनट देरी से दोपहर 2:25 बजे विंध्याचल धाम पहुंचे। उन्होंने मां विंध्यवासिनी के दरबार में विधिवत दर्शन-पूजन किया। इस दौरान प्रदेश की सुख-समृद्धि और जनकल्याण की कामना की। उन्होंने कहा कि 2014 से मां विंध्यवासिनी की कृपा और जनता के आशीर्वाद से भाजपा को विकास करने का अवसर मिला है। सरकार बिना भेदभाव के गरीबों और किसानों के कल्याण के साथ युवाओं के बेहतर भविष्य के लिए योजनाएं चला रही है। गांव से हाईवे तक सड़कों का सर्वे उपमुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार सड़कों को बेहतर बनाने पर विशेष जोर दे रही है। गांवों से लेकर राष्ट्रीय राजमार्गों तक सड़कों का सर्वे कराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जल्द ही सड़कों को गड्ढामुक्त किया जाएगा। अखिलेश के बयान पर भी पलटवार अखिलेश यादव के सैफई में नजर आने वाले बयान पर भी केशव मौर्य ने पलटवार किया। उन्होंने कहा कि केवल बयान देने से कुछ नहीं होता। जनता सब देख रही है और आने वाले समय में इसका जवाब भी देगी। केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि भाजपा सरकार विकास और जनकल्याण के मुद्दे पर काम कर रही है, जबकि विपक्ष केवल बयानबाजी तक सीमित है। इस दौरान एमएलसी विनीत सिंह, नगर विधायक पं. रत्नाकर मिश्र, भाजपा जिलाध्यक्ष लाल बहादुर सिंह समेत पार्टी के पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

